सामूहिक हत्याकांड : अचानक कहां लापता हो गया झोपड़ी में रहने वाले जादूगर, तलाश में जुटी पुलिस
जांच पड़ताल के दौरान ही पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूर पर स्थित एक झोपड़ी दिखाई दी। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि यहां सरायचंडी का रहने वाला जादूगर रहा करता है। इस कथित जादूगर ने बैनर भी टांग रखा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पांच लोगों की हत्या के बाद गांव में रहने वाले जादूगर पर पुलिस की नजर टिक गई है। घटना के बाद से ही जादूगर लापता हो गया है। उसकी झोपड़ी से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं। अब ऐसे में आशंका जाहिर की जा रही है कि कहीं इस घटना के पीछे उसका भी तो कुछ हाथ नहीं है। पुलिस की एक टीम उसकी खोजबीन के लिए भी लगा दी गई है।
जांच पड़ताल के दौरान ही पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूर पर स्थित एक झोपड़ी दिखाई दी। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि यहां सरायचंडी का रहने वाला जादूगर रहा करता है। इस कथित जादूगर ने बैनर भी टांग रखा था। मौके से बिस्तर, माचिस और पूजा का सामान मिला। मौके की स्थिति देखकर यह भी लग रहा था कि यहां तंत्रमंत्र की भी साधना होती थी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन वह उसके बारे में ज्यादा नहीं बता पाए। इसके बाद पुलिस की एक टीम उसकी तलाश में भी जुट गई।
श्मशान घाट पर विवाद
उधर पोस्टमार्टम के बाद परिजन सभी शव लेकर फाफामऊ घाट पर पहुंचे। लेकिन अंतिम संस्कार के पहले ही यहां विवाद हो गया। दरअसल घटना में मारे गए दंपती की बहू के मायकेवालों का कहना था कि सुनील केवल अपने माता-पिता व बहन का अंतिम संस्कार करे। अपनी बेटी व नातिन का अंतिम संस्कार वह खुद करेंगे। इसे लेकर वहां नोकझोंक चलती रही। इसके बाद सुनील ने तीन शवों का अंतिम संस्कार किया। जबकि पत्नी व बेटी के शव के अंतिम संस्कार करने को लेकर मायकेवालों से देर रात तक बातचीत चलती रही।
सिर की चोट बनी मौत का कारण, कोमा में चले गऐ थे सभी
थरवई में मारे गए पांचों लोगों की मौत का कारण सिर में लगी चोट रही। दोपहर बाद चार डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच करीब पांच बजे पोस्टमार्टम शुरू किया। करीब सात बजे पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, सिर में घातक चोट लगने की वजह से पांचों की मौत हुई। भारी व ठोस चीज से हुए वार के चलते मृत्यु से पूर्व सभी कोमा में भी चले गए थे। सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण ‘हैमरेजिक शॉक एंड कोमा ड्यू टु एंटीमार्टम हेड इंजरी’ आया है। कुछ मृतकों के शरीर पर नुकीली वस्तु से भी चोट केनिशान मिले हैं।