चापड़ से हमले का मामला : एटीएस समेत खुफिया एजेंसियों ने लारैब से की पूछताछ, घर से कई इलेक्ट्राॅनिक उपकरण जब्त
एजेंसियों ने लारैब के सोरांव के हाजीगंज स्थित घर को भी खंगाला। घर से डेस्कटाॅप, चिप, पैन ड्राइव, दो मोबाइल पांच डायरी और पूरे परिवार के बैंक पासबुक तथा अन्य चीजों को जब्त किया गया है। इनकी जांच की जा रही है। एजेंसियां इस बात की जांच में भी जुटी हैं कि लारैब का किसी आतंकी संगठन से तो संबंध नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औद्योगिक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह ई-बस में धार्मिक नारे लगाकर परिचालक हरिकेश विश्वकर्मा पर चापड़ से हमला करने वाले बीटेक छात्र लारैब हाशमी से शनिवार को एटीएस समेत अन्य खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ की। वाराणसी से एटीएस की एक टीम सुबह ही पूछताछ के लिए एसआरएन अस्पताल पहुंची। आईबी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट ने भी पूछताछ की।
एजेंसियों ने लारैब के सोरांव के हाजीगंज स्थित घर को भी खंगाला। घर से डेस्कटाॅप, चिप, पैन ड्राइव, दो मोबाइल पांच डायरी और पूरे परिवार के बैंक पासबुक तथा अन्य चीजों को जब्त किया गया है। इनकी जांच की जा रही है। एजेंसियां इस बात की जांच में भी जुटी हैं कि लारैब का किसी आतंकी संगठन से तो संबंध नहीं है। उसने घटना के बाद चापड़ के साथ एक वीडियो बनाया था, जिसमें आपत्तिजनक तरीके से एक वर्ग को उकसाया। इसमें वह कहता दिखाई दे रहा है कि जो भी उसके मजहब की बेइज्जती करेगा, उसका यही हस्र होगा। वीडियो में भी वह लगातार धार्मिक नारेबाजी कर रहा था।
पुलिस ने रात से ही लारैब के घर पर पहरा लगा रखा था। घर वाले पहले ही फरार हो गए थे। एजेंसियों ने लारैब के कमरे और घर को खंगाला। कई इलेक्ट्राॅनिक उपकरण बरामद किए। उनकी जांच की जा रही है। उसकी पिछले कुछ महीनों की गतिविधियों के बारे में पड़ोसियों और दोस्तों से पूछताछ की गई है।
वह किससे मिलता था। करीबी दोस्त कौन हैं। किन लोगों से वह सोशल मीडिया पर चैटिंग करता था। इन सब बातों की जानकारी इकट्ठी जा रही है। कॉल डीटेल्स समेत अन्य बातों की भी जानकारी की जा रही है। हाल की यात्राओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
लारैब के घर से मिली चीजें
1-डेस्कटाॅप
2-चिप
3-पेन ड्राइव
4-पांच डायरी
5-लारैब तथा परिजनों के बैंक खातों की डीटेल्स
6- दो मोबाइल
तीन दोस्तों से पूछताछ, मोबाइल भी जब्त किए
नैनी। पुलिस ने लारैब के तीन दोस्तों को हिरासत में लिया है। कॉल डीटेल्स रिकाॅर्ड से तीन दोस्तों के बारे में पता चला था, जिनसे उसकी सबसे ज्यादा बात होती थी। पुलिस ने शनिवार को तीनों दोस्तों से पूछताछ की। तीनों के मोबाइल भी जब्त किए हैं। जांच की जा रही है।
कॉलेज प्रबंधन ने छात्र को कर दिया निलंबित
लारैब हाशमी को शनिवार को कॉलेज प्रबंधन से निलंबित कर दिया। घटना और छात्र का वीडियो शनिवार को कॉलेज के छात्रों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। शनिवार को कॉलेज पहुंचे मीडियाकर्मियों से बातचीत करने से छात्र कतराते रहे। कुछ ने बताया कि वह अन्य छात्रों से अलग ही रहा करता था, लेकिन इस तरह गतिविधियों में उसकी संलिप्तता होगी इसे लेकर सभी आशंकित थे।
कॉलेज के आसपास और आने जाने वाले रूट में तैनात रही पुलिस
शनिवार को कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त लगाती रही। सादे वेश में इंटेलिजेंस और पुलिस के सिपाही भी मौजूद रहे। कॉलेज जाने वाले रूट पर शाम को छुट्टी के समय नैनी और औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों को आशंका थी कि कॉलेज बस में कोई पत्थरबाजी न कर दे।
वीडियो बनाकर अपने क्लास के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा
लारैब ने कंडक्टर पर हमला करने के बाद जो भागते वक्त जो वीडियो बनाया था उसे अपने क्लास के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेज दिया था। यहीं से यह वीडियो वायरल हो गया।
पुलिस से बोला, उस समय क्या बोल रहा था, मुझे नहीं मालूम
पूछताछ में वह बार-बार यही कहता रहा कि वीडियो बनाते समय वह क्या बोल रहा था, नहीं मालूम। धार्मिक नारों और जेहाद के बारे में पूछने पर उसने कहा कि उस समय उसके दिमाग में जो आ रहा था, वह बिना सोचे समझे बोल रहा था। इससे ज्यादा उसने पुलिस को कुछ नहीं बताया।
यूट्यूब पर देखता था तकरीर और जेहाद के वीडियो
लारैब के सोशल मीडिया एकाउंट तथा यूट्यूब की शनिवार को जांच की गई। जांच में क्या निकला, अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन वह तकरीर और जेहाद वाले वीडियो ज्यादा देखा करता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह तालिबान और इस्राइल-फलस्तीन विवाद के वीडियो देखता था। उसने वीडियो जो भाषा बोली है, वह एक तकरीर में बोली गई थी। इसके अलावा सर्च हिस्ट्री में तालिबान, हमास और हिज्बुल्लाह के तमाम वीडियो थे। सूत्रों के मुताबिक अभी तक किसी संदिग्ध संगठन से लारैब के सीधे संबंधों का पता नहीं चला है।
वर्जनआरोपी के घर से कुछ इलेक्ट्राॅनिक उपकरण और दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। यूट्यूब पर आरोपी तकरीरें सुनता था। उसके सोशल मीडिया एकाउंट को खंगाला जा रहा है। - अभिनव त्यागी, डीसीपी यमुनानगर