Mahakumbh : वसंत पंचमी पर अस्पतालों में हाई अलर्ट, 1700 मेडिकल फोर्स तैनात
वसंत पंचमी के अमृत स्नान को लेकर प्रयागराज मंडल के डॉक्टरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऐसे में 1700 से अधिक मेडिकल फोर्स महाकुंभ नगर से एसआरएन अस्पताल में तैनात रहेगी।
विस्तार
वसंत पंचमी के अमृत स्नान को लेकर प्रयागराज मंडल के डॉक्टरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऐसे में 1700 से अधिक मेडिकल फोर्स महाकुंभ नगर से एसआरएन अस्पताल में तैनात रहेगी। पलक झपकते ही विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित हो जाएंगे। छह फरवरी तक सभी चिकित्सकों को अस्पताल में रहने का भी निर्देश जारी किया गया है।
रविवार को महाकुंभ नगर में डॉक्टरों की चार सदस्यीय स्पेशल टीम ने मेले में एक-एक अस्पताल की जांच की। इसके अलावा एसआरएन और तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय को भी पूरी सजगता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एसआरएन में 500 स्टाफ को अलर्ट मोड में रखा गया है। पहले के अधिकतर मरीज यहां से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। वहीं, करीब 200 बेड आरक्षित रखे गए हैं।
एसआरएन में 60 रेजिडेंट डॉक्टरों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। यहां 30 सीटी स्कैन मशीनें तैयार हैं। 200 यूनिट ब्लड आरक्षित रखा गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध इंतजामों को अलार्म सिस्टम से भी जोड़ गया है। आपात स्थिति के लिए अतिरिक्त मेडिकल टीमों को बैकअप के रूप में तैयार रखा गया है। साथ ही 3-4 दिनों तक सभी डॉक्टरों को मेले क्षेत्र में ही तैनात रखा जाएगा।
चार सदस्यीय टीम मेला क्षेत्र के अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की नियमित जांच कर रही है। इसमें चिकित्सा व्यवस्था के नोडल उमाकांत सान्याल, केंद्रीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कौशिक, सह नोडल चिकित्सा व्यवस्था डॉ. राम सिंह और महाकुंभ मेला के नोडल चिकित्सा स्थापना डॉ. गौरव दुबे शामिल हैं।
वसंत पंचमी के प्रमुख स्नान पर्व को लेकर स्वास्थ्य सुविधाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। मरीजों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। -डॉ. राकेश शर्मा, अपर निदेशक स्वास्थ्य