Prayagraj : केपी इंटर कॉलेज में प्रवक्ता ने दो एमएड प्रशिक्षुओं से की छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज
केपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने एफआईआर में कहा है कि पांच नवंबर को कॉलेज में परीक्षा थी। रविवार का अवकाश होने के कारण काॅलेज के अधिकांश शिक्षकों ने परीक्षा ड्यूटी में योगदान देने में असमर्थता व्यक्त की।
विस्तार
ख्यातिलब्ध केपी इंटर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी दे रहीं दो महिला एमएड प्रशिक्षुओं से कॉमर्स के प्रवक्ता ने छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि उन्हें गलत ढंग से छुआ और अश्लील हरकत की। दोनों की शिकायत पर प्रधानाचार्य ने आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ जॉर्जटाउन थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही उसके निलंबन की रिपोर्ट भी प्रबंधन को भेजी है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
केपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेंद्र सिंह ने एफआईआर में कहा है कि पांच नवंबर को कॉलेज में परीक्षा थी। रविवार का अवकाश होने के कारण काॅलेज के अधिकांश शिक्षकों ने परीक्षा ड्यूटी में योगदान देने में असमर्थता व्यक्त की। परीक्षा कराने के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. देवी प्रसाद सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रशिक्षण ले रहे 30 पुरुष एवं महिला प्रशिक्षुओं की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई गई थी।
इस दौरान कक्ष निरीक्षक के रूप में कार्यरत दो महिला प्रशिक्षुओं ने कॉलेज में वाणिज्य विभाग के प्रवक्ता सतीश कुमार पर दुर्व्यवहार करने, गलत ढंग से छूने एवं छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। घटना संज्ञान में आने पर प्रधानाचार्य ने प्रवक्ता को बुलवाया। पता चला कि वह कॉलेज से जा चुके हैं। दोनों महिला प्रशिक्षुओं ने लिखित शिकायत की, जिसके आधार पर प्रधानाचार्य ने आरोपी के खिलाफ जार्जटाउन थाने में एफआईआर लिखा दी।
प्रधानाचार्य ने प्रतिष्ठित केपी कॉलेज की बदनामी कराने के आरोपी प्रवक्ता के निलंबन के संबंध में प्रबंधन को रिपोर्ट भी भेजी है। जॉर्जटाउन थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता प्रशिक्षुओं का बयान दर्ज कर लिया गया है। आरोपी प्रवक्ता के घर पर दबिश दी गई है। वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।