कुंभ 2019: अब होगा ‘माननीयों’ का शाही स्नान, कैबिनेट संग पीएम मोदी भी लगाएंगे डुबकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वसंत पंचमी के साथ अखाड़ों के शाही स्नान का सिलसिला भी अगले कुंभ तक के लिए थम गया। इसी के साथ स्नानार्थियों का दबाव कम होने की बात कही जा रही है। इससे अफसरों की भीड़ प्रबंधन की चिंता कुछ हद तक कम हुई है लेकिन माननीयों के शाही स्नान का सिलसिला तेज होने जा रहा है, जो चार मार्च तक जारी रहेगा। ऐसे में अफसरों के सामने कुंभ आयोजन के दौरान पूरी तैयारी के साथ डटे रहने की चुनौती अब भी बनी हुई है।
16 फरवरी को उपराष्ट्रपति वेकैंया नायडू परिवार के साथ संगम स्नान और पूजन करेंगे। इनसे पहले बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन मंगलवार को आएंगे और बुधवार शाम को रवाना होंगे। इस दौरान वह स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, स्वामी निश्चलानंद से शिविर में जाकर मिलेंगे। लालजी टंडन नेत्र कुंभ ‘सेवा ऋषि भंवरो देवरास’ कार्यक्त्रस्म में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 13 फरवरी को संगम स्नान के लिए आ रहे हैं। वह अखाड़ों के साथ स्नान करेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी होंगे।
अमित शाह और योगी आदित्यनाथ से एक दिन पहले मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुंभ क्षेत्र में होंगे। वह बाघंबरी गद्दी में आयोजित अचला सप्तमी समारोह में शामिल होंगे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ समारोह में भी वह भी शामिल होंगे। चूंकि इस आयोजन का विरोध भी शुरू हो गया है। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह में अखिलेश यादव के शामिल होने पर रोक लगा दी है। ऐसे में टकराव की आशंका से प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है। इनसे पहले सोमवार को राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुधरा राजे सिंधिया संगम स्नान के लिए आ रही हैं।
छत्तिसगढ़ के राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष डॉ.सियाराम साहू भी सोमवार को संगम स्नान और पूजन करेंगे। वह मंगलवार को रवाना होंगे। माननीयों के आने का क्रम यहीं खत्म नहीं होने जा रहा। 19 फरवरी को माघी पूर्णिमा का स्नान होगा। इसके बाद 22 फरवरी को 200 देश के प्रतिनिधि संगम स्नान और भ्रमण के लिए आ रहे हैं। उनके साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह समेत अनेक नेता मौजूद रहेंगे। इनके अलावा कई अन्य केंद्रीय तथा अन्य राज्यों के मंत्रियों के स्नान का कार्यक्रम भी पहले से तय है।
कैबिनेट संग पीएम भी करेंगे स्नान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कुंभ के दौरान संगम स्नान तय माना जा रहा है। वह पूरी कैबिनेट के साथ स्नान कर सकते हैं। अभी प्रधानमंत्री के संगम स्नान का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले इस सियासी डुबकी को तय माना जा रहा है।
हिमांचल के राज्यपाल समेत कई वीआईपी ने लगाई डुबकी
कुंभ में वसंत पंचमी पर भी प्रमुख लोगों के स्नान का क्रम जारी रहा। हिमांचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने संगम स्नान किया। उन्होंने कुंभ का भ्रमण भी किया। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने भी संगम स्नान किया। अखाड़ों में शामिल मनोज तिवारी ने स्वामी कैलाशानंद के साथ स्नान किया। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने भी अखाड़ों संग संगम स्नान किया। मध्यप्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नर्मदा ने भी संगम स्नान किया। उत्तराखंड सरकार में मंत्री मदन कौशिक उत्तर प्रदेश के परिवहन, प्रोटोकाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह आदि नेताओं ने संगम स्नान किया। स्वतंत्र देव ने नैनी लेप्रोसी मिशन का निरीक्षण किया।