प्रयागराज : 50 लाख रंगदारी मांगने में अतीक का रिश्तेदार गिरफ्तार, कहा था- अतीक-अशरफ के बेटे चलाएंगे साम्राज्य
आरोपी अतीक के बहनोई के दामाद खालिद जफर का रिश्तेदार है। वह कौशाम्बी के सैलाबी, कोखराज का रहने वाला है। एक दिन पहले धूमनगंज थाने में उसके साथ ही खालिद जफर व उसके भाई माज को नामजद व 3-4 अन्य को अज्ञात आरोपी बनाया गया था।
विस्तार
50 लाख रंगदारी मांगने के मामले में अतीक अहमद का रिश्तेदार शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। मो.इरफान हसन नाम के इस आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार, पांच चेक, रजिस्ट्री के कागजात बरामद हुए हैं। कोर्ट की अनुमति से पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
आरोपी अतीक के बहनोई के दामाद खालिद जफर का रिश्तेदार है। वह कौशाम्बी के सैलाबी, कोखराज का रहने वाला है। एक दिन पहले धूमनगंज थाने में उसके साथ ही खालिद जफर व उसके भाई माज को नामजद व 3-4 अन्य को अज्ञात आरोपी बनाया गया था।
कसारी-मसारी के हिफर्जुरहमान ने आरोप लगाया है कि उसकी देवघाट स्थित जमीन से 183 व 100 वर्ग गज के एक-एक प्लाॅट का बैनामा खालिद जफर ने गुंडई से 2015 में किसी व्यक्ति के नाम करा दिया था। पैसा मांगने पर घर बुलाकर जान से मारने की धमकी दी। 16 जुलाई को व्हाट्सएप काॅल कर बुलाया। फिर पिस्टल सटाकर धमकाया और 50 लाख रंगदारी मांगी। आरोप है कि खालिद जफर ने जमीन का बैनामा इरफान के नाम ही कराया था। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कहा था, अतीक-अशरफ के बेटे चलाएंगे साम्राज्य
भुक्तभोगी का आरोप है कि रुपये देने के बहाने बुलाकर खालिद जफर ने उसे धमकाया। कहा कि अतीक-अशरफ नहीं हैं तो क्या हुआ, अब उनके बेटे साम्राज्य चलाएंगे। इसके बाद लात-घूसों व पिस्टल की बट से पीटा। यह भी कहा कि मैं अतीक का दामाद हूं। मेरा कोई कुछ नहीं कर पाएगा।