हिंदी भाषा में प्लेसमेंट लेटर मिलने के बाद कराएं जॉइनिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी एवं राजनीति विज्ञान के चयनित अभ्यर्थियेां को प्लेसमेंट लेटर जारी करने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने अब सभी महाविद्यालयों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि हिंदी भाषा में जारी एवं निदेशालय से प्रमाणित प्लेसमेंट लेटर मिलने के बाद ही असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के साथ ही वेतन का भुगतान किया जाए।
निदेशालय को यह पत्र इसलिए जारी करना पड़ा, क्योंकि पिछली बार महाविद्यालयों में फर्जी तरीके से जेनरेट किया गया अंग्रेजी भाषा में प्लेसमेंट लेटर भेज दिया गया था। हालांकि समय रहते मामला पकड़ में आ गया था, लेकिन इस फर्जीवाड़े के लिए जिम्मेदार लोगों को अब तक चिह्नित नहीं किया जा सका है।
विज्ञापन संख्या 47 के तहत प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में 35 विषयों में शिक्षकों के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। लॉकडाउन घोषित होने से पहले 31 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है, लेकिन पिछली बार प्लेसमेंट लेटर में फर्जीवाड़ा समाने आने से निदेशालय में हडक़ंप मच गया था।
एनआईसी की ओर से हिंदी भाषा में प्लेसमेंट लेटर जेनरेट किया जाता है लेकिन कई अभ्यर्थी काउंसलिंग के बाद अंग्रेजी भाषा में प्लसेमेंट लेटर लेकर महाविद्यालयों में ज्वाइन करने पहुंच गए थे। ज्वाइनिंग से पहले निदेशालय की ओर से भी कॉलेजों को प्रमाणित प्लेसमेंट लेटर भेजा जाता है। कई कॉलेजों में अंग्रेजी भाषा में प्लेसमेंट लेटर पहुंचा जबकि निदेशालय ने केवल हिंदी भाषा में प्रमाणित प्लेसमेंट लेटर भेजा था।
दो अलग-अलग भाषाओं में प्लेसमेंट लेटर मिलने पर निदेशालय को इसकी जानकारी दी गई और निदेशालय को स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी र्थी। ऐसे में निदेशालय ने विज्ञापन संख्या 47 के तहत हिंदी एवं राजनीति विज्ञान विषय में चयनित 277 अभ्यर्थियों को ऑनलाइन प्लेसमेंट लेटर जारी किया। इनकी 18 से 22 जून तक काउंसलिंग कराने के बाद इन्हें 25 जून को प्लेसमेंट लेटर जारी कर दिया गया। अब चयनित अभ्यर्थियों को इसी प्लेसमेंट लेटर और निदेशालय की ओर से कॉलेजों को भेजे गए प्रमाणित प्लेसमेंट लेटर के आधार पर ही नियुक्ति मिलेगी।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.वंदना शर्मा ने महामविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि सहायक निदेशक उच्च शिक्षा या संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा से प्रमाणित हिंदी भाषा में जारी प्लेसमेंट लेटर उपलब्ध होने के बाद ही असिस्टेंट प्रोफेसर के चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण कराएं और कार्यालय शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा) की ओर से प्रेषित प्रमाणित पद सृजन पत्र मिलने पर वेतन का भुगतान किया जाए।