इंस्पेक्टर की बेटी ने भाई पर दागी गोलियां, हालत गंभीर, हल्ला मचाया कि बदमाश मारकर भागे, ऐसे हुआ खुलासा
थाना क्षेत्र के चकरघुनाथ मोहल्ले में इंस्पेक्टर की 15 वर्षीय बेटी ने भाई अमरेंद्र सिंह(17) को घर के भीतर ही गोली मार दी। एक के बाद एक उस पर तीन फायर किए। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे एसआरएन ले गई जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। घटना के बाद किशोरी ने झूठी कहानी गढक़र मामले को लूट व हत्या के प्रयास का रूप देने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने कुछ घंटों के बाद ही घर के भीतर से ही पिस्टल बरामद कर खुलासा कर दिया। जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर देर रात तक पूछताछ की जाती रही।
चकरघुनाथ में मकान बनवाकर रहने वाले इंस्पेक्टर सभाजीत सिंह मौजूदा समय में आजमगढ़ कोरोना सेल में तैनात हैं। यहां उनकी पत्नी सुभद्रा, नौवी में पढने वाली बेटी के अलावा बेटा अमरेंद्र रहता है जो जीआईसी में 11वीं का छात्र है। मंगलवार रात 7.30 बजे के करीब अचानक इंस्पेक्टर के घर से फायरिंग की आवाज आने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
लोग मौके पर पहुंचे तो अमरेंद्र खनू से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसे तीन गोलियां मारी गई थीं जो उसके पेट व सीने में लगी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया। उधर जानकारी पर एसपी यमुनापार चक्रेश मिश्रा व सीओ करछना सोमेंद्र मीणा भी आ गए। पूछताछ में इंस्पेक्टर की बेटी ने बताया कि बाइक से आए तीन युवक बाउंड्री कूदकर घर के भीतर आए और उसे पीटना शुरू कर दिया।चीख सुनकर भाई अमरेंद्र बचाने आया तो उसे एक के बाद एक तीन गोलियां मारकर भाग निकले।
शक गहराने पर कड़ाई से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। देर रात तक उससे पूछताछ चलती रही।
- अब तक कि जांच पड़ताल में पता चला है कि भाई से हुए झगड़े के बाद किशोरी ने यह कदम उठाया। शाम को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। फिलहाल तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -चक्रेश मिश्रा, एसपी यमुनापार