हरतालिका तीज : स्वाति नक्षत्र संग इंद्र योग में सुहागिनों पर हुई अखंड सौभाग्य की बारिश, तस्वीरें यहां देखें
जिले में हरतालिका तीज पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शंकर और मां पार्वती की पूजा की। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने अपने पति के साथ सेल्फी लेकर इसे सोशल मीडिया पर भी साझा किया।
विस्तार
हल्दी-चंदन, दूब-अक्षत से सजी वेदियों पर भगवान शिव-पार्वती की प्रतिमाएं सजाकर कामनाओं के दीप जलाए गए। निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने अखंड सुहाग के लिए आराधना की। इस दौरान भगवान शिव के प्रिय दिन सोमवार को स्वाति नक्षत्र के साथ रवि योग और इंद्र योग के मिलन से पर्व की महत्ता कई गुना अधिक बढ़ गई।
पति की लंबी उम्र के साथ ही सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए हरतालिका तीज व्रत रखने वाली महिलाओं ने भोर में ही मौन होकर गंगा में डुबकी लगाई। फिर समूहों में शिव-पार्वती के भजन और मंगल गीत गाते हुए महिलाएं गंगा की मिट्टी लेकर घरों को पहुंचीं। जहां छतों पर वेदियां बनाकर मिट्टी से तैयार शिव-पार्वती की प्रतिमाओं की प्रतिष्ठापना कर पति की लंबी उम्र और परिवार में समृद्धि के लिए आराधना की गई।
बड़ी संख्या में कुंवारी कन्याओं ने भी अच्छे वर की कामना से व्रत रखा। इस दौरान हथेलियों पर मेहंदी रचाने के लिए जगह-जगह भीड़ लगी रही। सरदार पटेल मार्ग निवासी माधुरी त्रिपाठी के लिए व्रत का 28वां साल है। वह बताती हैं कि शादी के पहले से ही वह अपनी मां के साथ तीज का व्रत रखने लगी थीं।
सृष्टि इंपीरियल हाइट्स की सुनयना अग्रवाल भी अपनी सहेलियों के साथ सुबह से ही पूजा मेंं जुट गईं। शिव-पार्वती की प्रतिमा सजाने के साथ पड़ोसन के साथ पूजा की। भजनों की गाए गए। अशोक नगर की मोनिका मिश्रा की अभी शादी नहीं हुई है, लेकिन भाभी के साथ उन्होंने भी व्रत रखा है।
नेपाली समाज की महिलाओं ने मनाया तीज पर्व
प्रयागराज। तीज पर्व को लेकर सोमवार को पूरे दिन मंदिरों और घरों में महिलाएं पूजन में जुटी रहीं। इस मौके पर अखिल भारत नेपाली एकता समाज की तरफ से समाज की महिलाओं ने तीज पर्व मनाया। समाज की तरफ से सिविल लाइंस के प्रयाग महिला विद्यापीठ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने नेपाली समाज के परंपरागत गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरूआत देविका राना और खुशी थापा के स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद सपना थापा, संस्कृति और पिडकी सेर्वा ने पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित नेपाली लोकगीत की प्रस्तुति दी। इस मौके पर मुख्य अतिथि केंद्रीय समिति के सदस्य राम प्रसाद वस्थाल मौजूद रहे। अध्यक्षता महिला नगर विभाग की संयोजक गोमा थाम और संचालन सचिव सविता शर्मा ने किया।