Prayagraj : हाईस्कूल की विज्ञान व कृषि की परीक्षा एक दिन, कैसे होगी तैयारी
परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट की ओर से अपर सचिव को ज्ञापन सौंपा गया है। संघ के प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का जो कार्यक्रम घोषित किया गया है, उसमें कई विसंगतियां हैं।
विस्तार
यूपी बोर्ड की ओर से घोषित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2025 के कार्यक्रम में विसंगतियों के कारण छात्र परेशान हैं। कुछ विषयों की परीक्षाएं एक ही दिन दोनों पालियों में कराई जाएंगी और दोनों पालियों की परीक्षा में परीक्षार्थियों को शामिल होना पड़ेगा।
परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट की ओर से अपर सचिव को ज्ञापन सौंपा गया है। संघ के प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा का जो कार्यक्रम घोषित किया गया है, उसमें कई विसंगतियां हैं।
एक मार्च 2025 को प्रथम पाली में हाईस्कूल की गणित और द्वितीय पाली में हाईस्कूल की ऑटोमोबाइल व वाणिज्य विषय की परीक्षा रखी गई है। चार मार्च 2025 को प्रथम पाली में हाईस्कूल की विज्ञान व द्वितीय पाली में हाईस्कूल की कृषि विषय की परीक्षा रखी गई है।
इसी प्रकार प्रथम पाली में इंटरमीडिएट वाणिज्य वर्ग के लिए लेख शास्त्र विषय व द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र विषय का पेपर रखा गया है। हाईस्कूल में विज्ञान अनिवार्य विषय है। इसलिए जो छात्र प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा देंगे, वही छात्र द्वितीय पाली में कृषि विषय का पेपर देंगे।
इसी तरह इंटरमीडिएट वाणिज्य वर्ग के छात्र सुबह की पाली में लेख शास्त्र विषय की परीक्षा देंगे और दूसरी पाली में अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा देंगे। यह छात्रों के साथ अन्याय है। परीक्षा कार्यक्रम पर उदारता पूर्वक विचार करते हुए संशोधन किए जाने की जरूरत है।
डॉ. हरि प्रकाश के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव को ज्ञापन देने वालों में उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा, आय व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, मंत्री तीर्थराज पटेल, संदीप शुक्ल, संगठन मंत्री सुरेश कुमार पासी, मीडिया प्रभारी सुधाकर ज्ञानार्थी आदि शामिल रहे।