शास्त्रीपुल पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू, लखनऊ-रायबरेली रूट भी खुला
क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए भारी वाहनों के आवागमन के लिए प्रतिबंधित यातायात शास्त्री पुल पर सोमवार की सुबह छह बजे खोल दिया गया। उधर, लखनऊ-रायबरेली रूट पर भी आवागमन बहाल हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सई नदी के पुल का काम पूरा कर लिया है। इसके बाद सोमवार की सुबह भारी वाहनों के आवागमन शुरू किया गया।
शास्त्रीपुल के मरम्मत का काम रविवार की सुबह आठ बजे से शुरू हुआ था। पुल के एक तरफ का हिस्सा 31 अक्तूबर को ट्रक के पुल के नीचे गिरने से क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे पैदल पथ, कैरेज वे, बीम और रेलिंग टूट गई है। इसे बनाने के लिए रविवार से 22 घंटे के लिए भारी वाहनों का प्रतिबंध पूरी तरह से रोका गया। स्लैब पकने के बाद सोमवार की सुबह भारी वाहनों के आवागमन को फिर से खोल दिया गया।
दूसरी ओर रायबरेली में सई नदी पर काम होने से डायवर्ट हुआ लखनऊ रूट भी सोमवार की सुबह से खोल दिया गया। यह रूट तीन हफ्तों से प्रभावित चल रहा था। हल्के वाहनों के लिए सात नवंबर से आवागमन बहाल कर दिया गया था जबकि भारी वाहनों को सोमवार से आनेजाने की छूट मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रायबरेली के मैनेजर योगेश तिलक ने बताया कि काम पूरा होने के बाद आवागमन को सामान्य कर दिया गया है।