प्रयागराज : बैरहना, सोहबतियाबाग समेत शहर के चार और रेल अंडर ब्रिज होंगे चौड़े, झेलना पड़ सकता है जाम
बनारस से प्रयागराज रामबाग होते हुए प्रयागराज जंक्शन तक दोहरीकरण का कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) द्वारा किया जा रहा है। बनारस से झूंसी तक यह कार्य पूरा हो भी चुका है। अब झूंसी से प्रयागराज जंक्शन के बीच ही दोहरीकरण का कार्य रह गया है।
विस्तार
निरंजन पुल की तरह अब शहर के चार अन्य रेल अंडर ब्रिज के चौड़ीकरण का कार्य रेलवे करेगा। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा दारागंज से प्रयागराज रामबाग के बीच बैरहना, सोहबतियाबाग, अलोपीबाग, बाघंबरी गद्दी रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इन सभी आरयूबी पर एक और रेल लाइन बिछाई जानी है। इसके लिए रेलवे द्वारा 15 नवंबर से 15 फरवरी के बीच अलग-अलग चरण में रोड ट्रैफिक रोका जा सकता है। ऐसे में लोगों को एक बार फिर से जाम का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, बनारस से प्रयागराज रामबाग होते हुए प्रयागराज जंक्शन तक दोहरीकरण का कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) द्वारा किया जा रहा है। बनारस से झूंसी तक यह कार्य पूरा हो भी चुका है। अब झूंसी से प्रयागराज जंक्शन के बीच ही दोहरीकरण का कार्य रह गया है। झूंसी से दारागंज के बीच गंगा पुल का निर्माण भी इसी प्रोजेक्ट का हिस्सा है। पुल का 70 फीसदी से ज्यादा निर्माण हो भी चुका है।
अब दोहरीकरण कार्य के लिए दारागंज से रामबाग तक चार आरयूबी पर एक और अतिरिक्त रेल ट्रैक बिछाया जाना है। आरवीएनएल ने यह कार्य फरवरी 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी प्रोजेक्ट के तहत नौ मई से 14 अगस्त 2023 तक निरंजन रेल अंडर ब्रिज के नीचे रोड ट्रैफिक रोककर इसका चौड़ीकरण किया गया था। अब इसी क्रम में बैरहना, सोहबतियाबाग, अलोपीबाग और बाघंबरी गद्दी आरयूबी पर एक और अतिरिक्त रेल ट्रैक बिछाने का कार्य होगा।