प्रयागराज : पूर्व सांसद अतीक के बेटे ने पांच करोड़ रंगदारी न देने पर पीटा, अली समेत सात पर केस, दो पकड़े गए
ऐनुद्दीनपुर निवासी जीशान ने बताया कि घटना शाम चार बजे के करीब हुई। आरोप लगाया कि वह अपने प्लॉट पर था तभी अली अपने छह साथियों समेत 20-22 लोगों संग आ धमका। फिर पिस्टल सटाकर फोन पर अतीक से बात कराई।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के बेटे अली व उसके गुर्गों ने करेली में जमकर बवाल मचाया। उसके ही रिश्तेदार जीशान उर्फ जानू का आरोप है कि अली ने पिस्टल सटाकर फोन पर उसकी बात अतीक अहमद से कराई। जिसने जमीन पत्नी के नाम लिखने और ऐसा न करने पर पांच करोड़ की रंगदारी मांगी। साथ ही पीटने लगे। जिसमें उसके भाई व भांजा जख्मी हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोप लगाने वाला अतीक का साढू है और उसका भाई इमरान अतीक गैंग का सक्रिय सदस्य है। फिलहाल तहरीर के आधार पर सात पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। दो आरोपी मौके से पकड़े गए हैं जिनकी तलाश जारी है।
ऐनुद्दीनपुर निवासी जीशान ने बताया कि घटना शाम चार बजे के करीब हुई। आरोप लगाया कि वह अपने प्लॉट पर था तभी अली अपने छह साथियों समेत 20-22 लोगों संग आ धमका। फिर पिस्टल सटाकर फोन पर अतीक से बात कराई। अतीक ने कहा कि यह प्लॉट उसकी पत्नी के नाम लिख दो या पांच करोड़ पहुंचा दो। ऐसा न करने पर हाथ-पांव तोड़ने की धमकी दी। इसके बाद अली ने अपने साथियों संग मिलकर उसे पीटना शुरू कर दिया।
अतीक का साढ़ू है भुक्तभोगी
उसने किसी तरह थाने पहुंचकर शिकायत की तो पुलिस उसके साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान उसके भाई व भांजे को पीटकर घायल कर दिया गया था। पुलिस को देखते ही हमलावर भागने लगे जिसमें से सैफ व एक अन्य को पकड़ लिया गया। दोनों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने ले गई। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अली, असद, सैफ, इमरान, गुड्डू, कछौली व संजय को नामजद करते हुए 15 अज्ञात पर हत्या का प्रयास, रंगदारी मांगने समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।
अतीक के जमीन के कारोबार का कर्ताधर्ता है भाई इमरान
पुलिस सूत्रों का का कहना है जिस जीशान ने अतीक के बेटे पर मारपीट,रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है, वह इमरान जई का भाई है। इमरान का चकिया स्थित घर भी पिछले साल ढहाया गया था। अतीक के प्रॉपर्टी से जुड़े सारे काम वही देखता रहा है। वह खुल्दाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है जिस पर कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। प्रॉपर्टी डीलर के कथित अपहरण व जेल में ले जाकर पिटाई मामले में भी वह अतीक संग सहअभियुक्त है। उस पर आखिरी मुकदमा पिछले साल ही दर्ज हुआ था जिसमें लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी शस्त्र जमा न होने पर खुल्दाबाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।