Prayagraj : शहर में आठ साल के भीतर पांच गुना हुई विदेशी बाइकें, 10 से 29 लाख है कीमत
शहर की सड़कों पर अब हायाबूसा, कावासाकी व बीएमडब्ल्यू जैसी विदेशी व महंगी बाइकें भी हवा से बातें कर रही हैं। यह ऐसी बाइकें हैं, जो पहले गियर पर ही छू मंतर हो जाती हैं।
विस्तार
शहर की सड़कों पर अब हायाबूसा, कावासाकी व बीएमडब्ल्यू जैसी विदेशी व महंगी बाइकें भी हवा से बातें कर रही हैं। यह ऐसी बाइकें हैं, जो पहले गियर पर ही छू मंतर हो जाती हैं। कोरोना संक्रमण के बाद से इन बाइकों को मांग शहर में तेजी से बढ़ी है। मौजूदा समय में करीब 27 ऐसी बाइकें शहर की सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं, जिसकी कीमत 10 लाख से 29 लाख रुपये तक है।
वर्ष 2010 जून में पहली महंगी बाइक करीब 10 लाख कीमत की हायाबूसा जनपद के संभागीय परिवहन कार्यालय में रजिस्टर्ड हुई थी। इस बाइक को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बैट बनाने वाली साइमंड्स कंपनी के निदेशक अमित बनर्जी ने खरीदा था। हालांकि इसके बाद से गिनी चुनी बाइकें ही कई वर्षों के अंतराल में खरीदी गई।
वर्ष 2019 तक प्रयागराज में पांच बाइकें 10 लाख रुपये से अधिक कीमत की आरटीओ कार्यालय में पंजीकृत थी। वर्ष 2022 के बाद से विदेशी बाइकों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई। इनमें 20 बाइकें ऐसी हैं, जिनकी कीमत 13 लाख से 29 लाख रुपये के बीच है।
दिल्ली, मुम्बई जैसे राज्यों से खरीदी जाती हैं बाइकें
विदेशी बाइकों का शोरूम अधिकांश अन्य राज्यों जैसे दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू व चंडीगढ़ में स्थित हैं। ऐसे में इन बाइकों को वहां से खरीदकर आरटीओ कार्यालय में रजिस्टर्ड कराया जाता है। ऐसे में बाइक की कीमत के आधार टैक्स निर्धारित किया जाता है।
शहर में मौजूद महंगी विदेशी बाइकें
बाइक कीमत लाख में
रोड किंग 26.5
हेरिटेज 27.18
हायाबुसा 15.1
बीएमडब्ल्यू 23.35
इन बाइकों का चलाते समय सुरक्षा का विशेष ख्याल रखना पड़ता है। ऐसे में बाइकर्स किट का उपयोग किया जाता है। जिसकी कीमत पांच लाख रुपए तक होती है। इनमें हेलमेट, बाइक राइडिंग जैकेट, नेक गार्ड, बाइक शूज, चेस्ट आर्मर व बाइकिंग ग्लव्स मौजूद होता है। इतना ही नहीं हेलमेट में कैमरा व ब्लूटूथ की सुविधा भी रहती है।
शहर में विदेशी बाइकों की संख्या में इजाफा हुआ है। युवाओं को तेज हवा से बातें करनी वाली बाइकें ज्यादा पसंद आ रही हैं। इन बाइकों की कीमत 10 लाख से अधिक होती है। - राजीव चतुर्वेदी, एआरटीओ