NCR Railway : प्रयागराज से पुणे होकर बंगलुरु के लिए चलेगी सीधी ट्रेन, रेलवे बोर्ड को भेजा जा रहा प्रस्ताव
वर्तमान समय में प्रयागराज से पुणे के लिए कुल पांच ट्रेनें हैं, लेकिन इसमें से एक भी ट्रेन यहां से शुरू नहीं होती है। प्रयागराज छिवकी के रास्ते 12150 पटिलिपुत्र-पुणे ही एकमात्र ट्रेन है जो हर रोज चलती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज में वर्ष 2025 में लगने वाले महाकुंभ मेले के पहले पुणे के रास्ते बंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन की सौगात मिल सकती है। इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन होगा। इसे चलाए जाने का प्रस्ताव उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे बोर्ड को भेजा जा रहा है।
वर्तमान समय में प्रयागराज से पुणे के लिए कुल पांच ट्रेनें हैं, लेकिन इसमें से एक भी ट्रेन यहां से शुरू नहीं होती है। प्रयागराज छिवकी के रास्ते 12150 पटिलिपुत्र-पुणे ही एकमात्र ट्रेन है जो हर रोज चलती है। इसके अलावा 11038 गोरखपुर-पुणे प्रत्येक रविवार, 11034 दरभंगा-पुणे का संचालन प्रत्येक शनिवार, 22132 बनारस-पुणे प्रत्येक बुधवार एवं 11428 जसडीह जंक्शन-पुणे प्रत्येक सोमवार को चलती है।
इसी तरह बंगलुरु के लिए सात ट्रेनें हैं, लेकिन इसमें 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस ही प्रयागराज छिवकी होकर हर रोज चलती है। शेष अन्य ट्रेन 22688 बनारस-मैसूर, 22684 लखनऊ-यशवंतपुर, 12540 लखनऊ-यशवंतपुर, 12577 बागमती एक्सप्रेस, 22351 पाटलिपुत्र-यशवंतपुर , 22353 पटना-बंगलुरू हमसफर सप्ताह में एक-एक दिन ही चलती है। अन्य स्टेशनों से आने की वजह से उसमें प्रयागराज के यात्रियों को गिनती भर ही बर्थ मिल पाती है, जबकि यहां से इन दोनों ही शहरों के लिए हर रोज सफर करने वाले लोगों की अच्छी खासी संख्या है।
इसी वजह से सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल ने पुणे होकर बंगलुरु के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने की मांग की है। अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस ट्रेन को बोर्ड से मंजूरी भी मिल सकती है। सांसद के अनुसार काफी संख्या में प्रयागराज के छात्र-छात्राएं एवं तमाम कंपनियों में काम करने वाले लोग पुणे और बंगलुरु जाते हैं। ऐसे में ट्रेन चलने से लोगों को खासी सहूलियत मिलेगी। सांसद के अनुसार एनसीआर द्वारा यह प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा रहा है। प्रयागराज जंक्शन की रिमॉडलिंग के बाद इस ट्रेन के संचालन की मंजूरी मिल सकती है।
प्रयागराज-पुणे-बंगलुरु का यह रहेगा संभावित रूट
प्रयागराज से पुणे होकर बंगलुरू के बीच अगर ट्रेन चलती है तो उसका रूट वाया मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटरासी, भुसावल, मनमाड जंक्शन, कल्याण के रास्ते पुणे तक होगा। पुणे से मिराज जंक्शन, बेलगाम, हुबली जंक्शन होते हुए ट्रेन बंगलुरु पहुंचेगी।