Prayagraj : कानपुर के श्रद्धालु ने खुल्दाबाद के लॉज में फंदा लगाकर दी जान, घटनास्थल से नहीं मिला सुसाइड नोट
महाकुंभ मेले में आए कानपुर के श्रद्धालु महानंद यादव (30) ने खुल्दाबाद स्थित विश्वनाथ लॉज में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सबूत एकत्र किए।
विस्तार
महाकुंभ मेले में आए कानपुर के श्रद्धालु महानंद यादव (30) ने खुल्दाबाद स्थित विश्वनाथ लॉज में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सबूत एकत्र किए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मूलरूप से कानपुर के हरिजिंदर नगर के रहने वाले महानंद यादव पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। वह निजी कंपनी में कार्य करते थे। सोमवार रात करीब 8:30 बजे खुल्दाबाद स्थित विश्वनाथ लॉज की ओर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने कमरे में फंदा लगाया है। सूचना पर खुल्दाबाद थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंखे पर लटके महानंद को उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में लॉज के रिकार्ड से पता चला कि महानंद अकेले 25 जनवरी को प्रयागराज आकर खुल्दाबाद में लॉज लिया। अगले दिन 26 जनवरी को संगम में स्नान किया।
लॉज कर्मियों और परिवार से बातचीत में उन्होंने बताया था कि वह रात आठ बजे तक कानपुर की ट्रेन पकड़ कर यहां से रवाना हो जाएंगे। लेकिन, रात को पत्नी की जब महानंद से फोन पर बात नहीं तो इस संबंध में होटल संचालक और मालिक को इसकी सूचना दी गई। लॉज कर्मियों ने महानंद के दरवाजे को खटखटाया, लेकिन भीतर से आवाज नहीं आई। खिड़की से झांककर देखा गया तो वह पंखे से लटके हुए थे। वहीं, खुल्दाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है, मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।