State University : राज्य विवि में कंप्यूटर साइंस, बीएड, एमएड की भी होगी पढ़ाई
मुख्य परिसर में अब 14 विषयों में परास्नातक की पढ़ाई हो रही है। साथ ही पिछले साल से इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन आर्ट्स, इंटीगेटेड प्रोग्राम इन कॉमर्स और इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनजमेंट की पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है, जिसमें स्नातक से लेकर परास्नातक तक की पढ़ाई एक साथ होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में अगले सत्र 2023-24 से कंप्यूटर साइंस, बीएड, एमएड, एलएलबी, एलएलएम, फार्मेसी, एग्रीकल्चर की पढ़ाई भी होगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और शिक्षकों की भर्ती के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना 17 जून 2016 को हुई थी।
उस वक्त सीपीआई कैंपस स्थित विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में 11 विषयों में परास्नातक की पढ़ाई शुरू हुई थी। छह साल में विश्वविद्यालय मुख्य परिसर में विद्यार्थियों की संख्या तीन गुना और संघटक कॉलेजों में दोगुना बढ़ी है। सीपीआई परिसर अब बंद हो चुका है और नैनी स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में 112 एकड़ जमीन पर विश्वविद्यालय के नए परिसर में कक्षाएं चलाई जा रहीं हैं।
मुख्य परिसर में अब 14 विषयों में परास्नातक की पढ़ाई हो रही है। साथ ही पिछले साल से इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन आर्ट्स, इंटीगेटेड प्रोग्राम इन कॉमर्स और इंटीग्रेटेड प्रोग्राम इन मैनजमेंट की पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है, जिसमें स्नातक से लेकर परास्नातक तक की पढ़ाई एक साथ होगी। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि नए पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले उनमें शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
कंप्यूटर साइंस, बीएड, एमएड, एलएलबी, एलएलएम, फार्मेसी, एग्रीकल्चर का पाठ्यक्रम सत्र 2023-24 से शुरू किया जाएगा। शासन से अनुमति मिलने के बाद नए विषयों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और एकेडमिक कौंसिल एवं एग्जीक्यूटिव कौंसिल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर नए पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
छात्राओं को जल्द मिलेंगे हॉस्टल
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि छात्राओं को जल्द ही हॉस्टल आंवटित कर दिए जाएंगे। दो से तीन माह में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। कर्मचारियों के लिए बनाए गए कई आवास खाली पड़े हैं। छात्राओं के हॉस्टल का निर्माण कार्य पूरा होने तक इन्हीं आवासों को हॉस्टल के रूप में आवंटित किया जाएगा।
बहुउद्देश्यीय हॉल में शुरू होंगे इंडोर गेम
राज्य विश्वविद्यालय परिसर में बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। दो माह के भीतर इस हॉल में कई इंडोर गेम शुरू किए जाएंगे। इनमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती, मुक्केबाजी, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबाल जैसे खेल शामिल हैं।
वेलनेस सेंटर, जिम, योग सेंटर भी खुलेंगे
राज्य विवि में जल्द ही वेलनेस सेंटर खोल दिया जाएगा, जिसमें मुफ्त ओपीडी की सुविधा होगी। वेलनेस सेंटर में डॉक्टर की नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। इसके साथ ही जिम और योग सेंटर भी खोले जाएंगे, जिनके लिए काम शुरू कर दिया गया है।