Prayagraj : शहरियों को मिलेगा शुद्ध पानी, लगेंगे 16 वाटर एटीएम, महाकुंभ 2025 से पहले लगाने की तैयारी
रेलवे स्टेशनों पर वाटर एटीएम लगाए गए थे। अब शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर वाटर एटीएम लगाने की तैयारी है। पहले चरण में 16 स्थानों पर एटीएम लगेंगे। स्थान का चयन महाकुंभ के मद्देनजर इसकी उपयोगिता को देखते हुए किया जाएगा।
विस्तार
शहरियों को बाजार में भी शुद्ध पानी के लिए बहुत परेशान नहीं होना पड़ेगा। 16 स्थानों पर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इसमें सिक्का डालने पर निश्चित मात्रा में पानी निकलेगा। महाकुंभ-2025 से पहले वाटर एटीएम लगाने की योजना है।
रेलवे स्टेशनों पर वाटर एटीएम लगाए गए थे। अब शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर वाटर एटीएम लगाने की तैयारी है। पहले चरण में 16 स्थानों पर एटीएम लगेंगे। स्थान का चयन महाकुंभ के मद्देनजर इसकी उपयोगिता को देखते हुए किया जाएगा। ऐसे में महात्मा गांधी मार्ग, हनुमत निकेतन, सुभाष चौराहा, मेडिकल कॉलेज, बालसन चौराहा आदि स्थानों पर वाटर एटीएम लगाने की बात कही जा रही है।
नगर निगम की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। महाकुंभ के कार्यों को लेकर हुई पिछली बैठक में इस पर चर्चा हुई थी। अब अगली बैठक में वाटर एटीएम का प्रस्ताव रखा जाना है। उसमें मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग का कहना है कि महाकुंभ से पहले वाटर एटीएम भी लग जाएंगे।
सौर ऊर्जा से चलेंगे वाटर एटीएम
शहर में लगने वाले कई वाटर एटीएम सौर ऊर्जा से चलेंगे। सोलर वाटर एटीएम के लिए भी सर्वे कराया जाएगा। ताकि, उसे संचालित करने के लिए पर्याप्त मात्रा में सूर्य की रोशनी मिलती रहे। इसमें नेडा की भी मदद ली जाएगी।
मेला क्षेत्र में लगेंगे चार वाटर एटीएम
महाकुंभ आयोजन के दौरान मेला क्षेत्र में भी चार स्थानों पर स्थायी तौर पर सोलर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं।