डॉक्टर्स डे : 720 को सराहनीय सेवा के लिए दिए प्रशस्ति पत्र, पांच को विशिष्ट सम्मान
- कोरोना काल में जान गंवाने वाले 32 चिकित्सकों को श्रद्धांजलि
- एएमए हॉल में आयोजन, पीएम, डिप्टी सीएम के संबोधन का सजीव प्रसारण, कमिश्नर ने दीं शुभकामनाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्य अतिथि कमिश्नर संजय गोयल ने कोरोना काल में चिकित्सकों की सेवाओं को सराहा। विशिष्ट अतिथि एमएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने विषम परिस्थितियों में काम करने वाले चिकित्सकों के जज्बे को उल्लेखनीय करार दिया। स्वागत एएमए अध्यक्ष डॉ. एमके मदनानी ने किया। अतिथियों ने पद्मश्री डॉ. राज बवेजा, डॉ. कृ ष्णा मुखर्जी, डॉ. एससी गुप्ता, डॉ. सुनील वर्मा, डॉ. प्रतिम सहाय को सम्मानित किया। डॉक्टर्स डे पर एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि अपने घर, संस्थान, संस्था में अपनों के बीच सम्मानित होना गौरव की बात है, हमें हमारे सेवा कार्यों के लिए जनता सराहे, विश्वास करे तो इससे बड़ा सम्मान कोई हो ही नहीं सकता।
कोरोना काल में जान गंवाने वाले चिकित्सक साथियों को श्रद्धांजलि देने का मौका सभी को भावुक कर गया। एएमए पदाधिकारियों ने कोरोना काल में दिवंगत डॉक्टरों को शहीद बताया। पीएम के संबोधन में चिकित्सकों की सराहना को एएमए पदाधिकारियों ने विषम परिस्थितियों में सेवा भाव से काम करने का जज्बा पैदा करने वाला बताया। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कोरोना काल में किए गए बेहतर कार्य को जारी रखने की बात कही। डॉ. अनिल शुक्ला ने डॉक्टर्स डे के महत्व के बारे में जानकारी दी।
अध्यक्ष एएमए डॉ. एमके मदनानी, इलेक्ट प्रेसीडेंट डॉ. सुजीत सिंह, सचिव डॉ. राजेश मौर्य ने इस मौके पर उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पहले डॉ. आशुतोष गुप्ता समेत कई पदाधिकारियों और डॉक्टरों ने एएमए ब्लड बैंक में रक्तदान किया। अध्यक्षता अध्यक्ष डॉ. मदनानी ने की। संचालन सामाजिक सचिव डॉ. विनीता मिश्रा, वैज्ञानिक सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एएमए हॉल में 50 प्रतिशत सीटें खाली रखी गई थीं। साथ ही उन्हीं लोगों को प्रवेश में वरीयता दी गई जिन्होंने कोविड वैक्सीन की डोज लगवा ली है। कार्यक्रम से बड़ी संख्या में चिकित्सक वेबीनार से भी जुड़े रहे।
पहल: डॉक्टर कल्याण निधि की स्थापना, 12 लाख जमा हुए, एक करोड़ का लक्ष्य
जिले के चिकित्सकों ने नर्सिंग होम वेलफेयर एसोसिएशन ने डॉक्टर्स डे पर नई पहल करते हुए डॉक्टर कल्याण निधि की स्थापना की है। निधि में पहले ही दिन चिकित्सकों ने 12 लाख रुपये बतौर दान जमा कराए। इस दान खाते में एक करोड़ की धनराशि जमा करने की योजना है। इस मौके पर वरिष्ठ डॉक्टरों की संस्तुति पर तीन चिकित्सक परिवारों को एक-एक लाख रुपये की मदद प्रथम किस्त के रूप में चेक द्वारा उपलब्ध कराई। डॉक्टर्स डे आयोजन पर सेवा का संकल्प लेते हुए रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शाम को एनएचए ब्लड बैंक परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रसाद के साथ इम्युनिटी बूस्टर का वितरण किया गया।
नर्सिंग होम एसोसिएशन के जन संपर्क अधिकारी डॉ. भगवत पांडेय के मुताबिक डॉक्टर कल्याण निधि कोरोना काल में दिवंगत साथियों के परिजनों को समर्पित होगी। उनके परिजनों से संपर्क कर जरूरत के हिसाब से आर्थिक मदद की जाएगी। डॉक्टर्स डे के मौके पर डॉक्टर कल्याण निधि योजना की शुरुआत के मौके पर 12 चिकित्सकों ने एक-एक लाख रुपये खाते में जमा कराए। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरएन मिश्रा की अध्यक्षता में गठित स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रो, एके गुप्ता, डॉ. मुकेश खरे के साथ तीन चिकित्सक परिवारों को मदद देने की संस्तुति दी। इस मौके पर तीनों परिवारों से लोगों को बुलाकर उनका अभिनंदन किया गया। आर्थिक मदद के रूप में एक-एक लाख रुपये का चेक उनके घर पहुंचाए गए। डॉ. पांडेय ने बताया कि संकल्प लिया गया है कि निधि खाते में एक वर्ष के भीतर एक करोड़ रुपये एकत्र किए जाएं ताकी जरूरतमंद चिकित्सक परिवारों की आर्थिक मदद की जा सके।
डॉक्टर्स डे के मौके पर नर्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि डॉक्टर्स कल्याण निधि में एक राशि आपात स्थिति और दिवंगत चिकित्सकों को समर्पित होगी। डॉ. आशीष टंडन ने बताया कि कोरोना काल में जान गंवाने वाले डॉक्टरों के परिजनों का सभी नर्सिंग होमों में नि:शुल्क इलाज कराने और हर तरह की मदद की जाएगी। डॉक्टरों और उनके परिवारीजनों को नि:शुल्क ब्लड दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सहायता राशि वितरण के मौके पर डॉ.आलोक मिश्रा, डॉ. कार्तिकेय शर्मा, डॉ. बीबी अग्रवाल, डॉ. एके गुप्ता, डॉ. मनीष सक्सेना, डॉ. अरूप बनर्जी, डॉ. विनय पांडेय, डॉ. सुशील सिन्हा, डॉ. घनश्याम मिश्रा, डॉ. शरद जैन, डॉ. निकुंज अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे।
सेवा भाव का संकल्प लेकर डॉक्टरों ने किया रक्तदान, शाम को भजन संध्या, प्रसाद के साथ बांटे इम्युनिटी बूस्टर
नर्सिंग होम एसोसिएशन ब्लड बैंक परिसर में डॉक्टर्स डे के मौके पर शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया। इससे पहले सुबह रक्तदान शिविर में डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. बीबी अग्रवाल सहित कई चिकित्सकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। चिकित्सकों ने संकल्प लिया कि हम अपने नैतिक, समाजिक दायित्वों की पूर्ति करेंगे। साथ ही जरूरतमंद चिकित्सकों और उनके परिवारी जनों की आर्थिक मदद भी करेंगे। अभी तक डॉक्टरों की किसी संस्था ने इस तरह की न निधि स्थापित की और न ही सार्वजनिक रूप से बिना भेदभाव किसी की मदद की है। यह पहल लोगों को सेवा की प्रेरणा देगी। भजन संध्या से पहले कोरोना काल में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रसाद के साथ चिकित्सकों को इम्युनिटी बूस्टर वितरित किए गए।