मुख्य सचिव बोले : महाकुंभ के कार्यों के लिए गठित होगी प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट
महाकुंभ-2025 की परियोजनाओं को लेकर सोमवार को शासन की शीर्ष समिति की बैठक में 1494 करोड़ रुपये की लागत की 51 परियोजनाओं पर कार्य आरंभ करने के विभागवार हरी झंडी प्रदान कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज। महाकुंभ-2025 की परियोजनाओं को लेकर सोमवार को शासन की शीर्ष समिति की बैठक में 1494 करोड़ रुपये की लागत की 51 परियोजनाओं पर कार्य आरंभ करने के विभागवार हरी झंडी प्रदान कर दी गई। मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने इसे अमृतकाल का पहला महाकुंभ बताया। साथ ही कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोग्राम के तहत अधिक से अधिक संख्या में जनपदवासियों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
सर्किट हाउस में महाकुंभ के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने ट्रैफिक प्लान के लिए कंसल्टेंस को हायर कर भविष्य में जिन सड़कों पर यातायात संबंधी समस्याएं अधिक हो सकती हैं,उनका आकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। विभागवार अफसरों को निर्देशित किया कि समस्त कार्यों का शासनादेश 15 मार्च तक निर्गत कर दिया जाए, ताकि समय रहते बजट अवमुक्त किया जा सके। मुख्य सचिव ने सड़कों के निर्माण के दौरान रोड साइड प्लांटेशन तथा खाली जगहों पर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को नगर निगम की ओर से बसवार में संचालित कांस्ट्रक्शन एवं डेमोलेशन वेस्ट प्लांट से बनाई जा रही टाइल्स का उपयोग इन सभी सडकों के विकास में करने को कहा। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शहर में स्वच्छता एवं यातायात की समस्याओं के निराकरण के लिए इंदौर सिटी से प्रेरणा लेते हुए महाकुंभ से पूर्व प्रयागराज को और स्वच्छ बनाने की तैयारी का जिक्र किया।
इस दौरान मुख्य सचिव ने कुंभमेलाधिकारी विजय किरन आनंद को निर्देशित किया कि महाकुंभ के कार्यों के कियान्वयन के लिए दो वर्ष के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट का गठन करें।ताकि, मैनपावर की कमी न हो सके।
एपेक्स कमेटी के समक्ष प्रस्तुत की गईं महाकुंभ की परियोजनाएं
पीडीए की 31, सेतु निगम की पांच, पीडब्ल्यूडी की 14 सड़कों के अलावा जलनिगम की 12, बाढ कार्य खंड सिंचाई विभाग की छह, यूपीपीसीएल की 10, नगर निगम की दो, राज्य सड़क परिवहन निगम और पर्यटन विभाग की एक-एक परियोजना पर चर्चा की गई।
महाकुंभ से पहले त्रिवेणी पुष्प-अक्षयवट का होगा कायाकल्प
मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र सोमवार को एपेक्स कमेटी की बैठक से पहले महाकुंभ की महाकुंभ के तहत विस्तारित की जाने वाली परियोजनाओं का हाल जानने पहुंचे। महाकुंभ की परियोनजाओं में शामिल त्रिवेणी पुष्प और अक्षयवट का उन्होंने अफसरों के साथ निरीक्षण किया। मुख्य सचिव सुबह ही संगम के बाद अक्षयवट पहुंचे। किले के भीतर से उन्होंने अक्षयवट के विस्तार वाले प्रस्तावित हिस्से का निरीक्षण किया। उन्होंने इस परियोजना के प्रस्ताव और मौजूदा स्वरूप को लेकर अफसरों से चर्चा की। इसके बाद वह अरैल में त्रिवेणी पुष्प पहुंचे। त्रिवेणी पुष्प का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण 22.50 करोड़ रुपये से किया जाना है।