UP : राजकीय पीजी कॉलेज हमीरपुर के परीक्षार्थियों का सेंटर बदला, नकल की सूचना पर मुक्त विवि ने लिया निर्णय
परीक्षा नियंत्रक डीपी सिंह ने सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर कानपुर क्षेत्रीय केंद्र में उपस्थित होकर परीक्षा में प्रतिभाग करने को कहा है। हालांकि, राजकीय पीजी कॉलेज हमीरपुर में अभी नकल की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन परीक्षा केंद्र बदल दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय ने नकल की सूचना पर राजकीय पीजी कॉलेज, हमीरपुर में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों का सेंटर बदल दिया है। ये परीक्षार्थी 24 जून से मुक्त विवि के कानपुर क्षेत्रीय केंद्र, भूखंड संख्या-चार, डब्ल्यू ब्लॉक, गुल मोहर बिहार, जूही कानपुर नगर (ईश्वर प्रेम आश्रम के ठीक सामने, नौबस्ता) में परीक्षा देंगे।
परीक्षा नियंत्रक डीपी सिंह ने सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर कानपुर क्षेत्रीय केंद्र में उपस्थित होकर परीक्षा में प्रतिभाग करने को कहा है। हालांकि, राजकीय पीजी कॉलेज हमीरपुर में अभी नकल की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने एहतियातन परीक्षा केंद्र बदल दिया है। साथ ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.सत्यकाम के आदेश पर जांच शुरू कर दी गई है।
कुलपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की प्रदेशभर में चल रही परीक्षाओं की शुचिता के साथ किसी भी स्थिति में खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमीरपुर के एक परीक्षा केंद्र पर प्राचार्य और केंद्र समन्वयक में आपसी समन्वय के अभाव में केंद्र पर कथित नकल की सूचना का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है। मुक्त विवि की परीक्षाओं को गंभीरता से न लेने वाले ऐसे परीक्षा केंद्रों को तुरंत निरस्त किया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि मुक्त विवि पूरे प्रदेश में पारदर्शिता पूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए संकल्पबद्ध है। दूरस्थ शिक्षा में लंबा प्रशासनिक अनुभव रखने वाले प्रो.सत्यकाम ने कुछ दिनों पहले ही राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति का पद संभाला है। इससे पूर्व वह इग्नू में प्रतिकुलपति के पद पर कार्यरत थे। कुलपति ने बताया कि हमीरपुर के परीक्षा केंद्र की मीडिया में आई खबरों का संज्ञान लेते हुए इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।