किशोर कैदी को भगाने का मामला : राजकीय संप्रेक्षण गृह के कार्यवाहक अधीक्षक समेत चार को जेल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से थाने में रात भर पूछताछ चलती रही। कार्यवाहक अधीक्षक आशीष पटेल व दो कर्मचारियों बालकांत व संजीव से शाहगंज पुलिस के साथ ही पुलिस अफसरों ने भी पूछताछ की।
विस्तार
शाहगंज में किशोर हत्यारोपी को फरार कराने के मामले में गिरफ्तार चार आरोपी जेल भेज दिए गए। इनमें राजकीय संप्रेक्षण गृह के कार्यवाहक अधीक्षक समेत चार आरोपियों को कोर्ट की अनुमति से नैनी जेल भेजा गया। जबकि किशोर हत्यारोपी को किशोर न्यायालय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे राजकीय संप्रेक्षण गृह में भेजा गया। पुलिस अफसरों का कहना है कि विवेचना शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से थाने में रात भर पूछताछ चलती रही। कार्यवाहक अधीक्षक आशीष पटेल व दो कर्मचारियों बालकांत व संजीव से शाहगंज पुलिस के साथ ही पुलिस अफसरों ने भी पूछताछ की। पहले अलग-अलग उनका बयान दर्ज किया गया और फिर तीनों को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की गई।
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में तीनों ने जो बातें बताईं, उससे साफ हो गया कि घटना में वह भी शामिल थे। फिलहाल काफी कोशिशों के बाद भी उन्होंने यह राज नहीं उगला कि आखिर वह इतनी बड़ी साजिश में शामिल होने के लिए क्यों राजी हुए। किशोर हत्यारोपी और उसे छुड़ाने वाले उसके साथी से पूछताछ में भी यह बात नहीं स्पष्ट हो सकी।
मंगलवार दोपहर बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां रिमांड मंजूर होने पर चारों को केंद्रीय कारागार नैनी भेज दिया गया। उधर हत्यारोपी किशोर को खुल्दाबाद स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में भेजा गया। सीओ सत्येंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल चल रही है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया गया है।
क्या था मामला
खुल्दाबाद स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध प्रतापगढ़ निवासी किशोर हत्यारोपी को एक दिन पहले छुड़ा लिया गया था। सुरक्षा में लगे होमगार्ड पर तमंचे की बट से हमला किया गया था। हालांकि आरोपी भागने में नाकाम रहे थे। जांच पड़ताल में इस घटना की साजिश में संप्रेक्षण गृह के कार्यवाहक अधीक्षक और दो कर्मचारियों की संलिप्तता की बात सामने आई जिस पर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया था।