अभ्यर्थियों को 17 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के तहत तकरीबन 17 हजार 500 पदों पर भर्तियां होनी है और अभ्यर्थी इन पदों पर भर्ती के लिए काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। आयोग में सदस्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद कई परीक्षाओं के परिणाम फंसे हुए हैं। आयोग की ओर से पिछले साल 29 जुलाई को एलटी ग्रेड शिक्षक के 10 हजार 768 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के लिए अभ्यर्थियों ने लगातार आंदोलन किया तो शासन के दबाव में आयोग ने महज दो विषयों के परिणाम जारी किए। आयोग ने संगीत पुरुष शाखा के आठ और कृषि पुरुष शाखा के 19 पदों का रिजल्ट घोषित किया। बाकी 10 हजार 741 पदों का परिणाम अब तक अटका हुआ है।
आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि कुछ बड़े विषयों के परिणाम जारी करने में विधिक अड़चन आ रही है। यह अड़चन अब तक दूर नहीं हुई है।सिर्फ यही नहीं, पीसीएस 2017 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट भी घोषित नहीं हुआ है। इसके तहत पीसीएस के 677 पदों पर भर्ती होनी है। वहीं, पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम भी अब तक घोषित नहीं हुआ है। इस परीक्षा के तहत पीसीएस के 831 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग ने मार्च की शुरुआत में रिजल्ट घोषित करने की तैयारी की थी लेकिन इस माह परिणाम आने की अब कोई गुंजाइश नहीं रह गई है।
आरओ-एआरओ 2017 के तहत 465 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा कराई जा चुकी है। इस परीक्षा के परिणाम का भी अभ्यर्थियों को बेसब्री से इंतजार है। इसके अलावा आरआई टेक्निकल के 79 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम फंसा हुआ है। भर्ती के लिए इंटरव्यू की प्रक्रिया काफी पहले पूरी हो चुकी है लेकिन इस परीक्षा का भी परिणाम जारी करने में विधिक अड़चन आ रही है। पीसीएस-जे 610 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा कराई जा चुकी है और इसका परिणाम भी आयोग ने अब तक घोषित नहीं किया है।
वहीं, सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के तहत अवर अभियंता (जेई) के 3222 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम आयोग ने जारी नहीं किया है। परीक्षा अप्रैल 2016 में आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी तीन साल से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इसके तहत सहायक अभियंता (एई) के 916 पदों के लिए हुई लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया जा चुका है और इन दिनों आयोग में इंटरव्यू की प्रक्रिया चल रही है। इस तरह तकरीबन 17 हजार 500 से अधिक पदों पर अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।