Prayagraj : पात्रों तक पहुंचेगा हर योजना का लाभ, पिछड़ों-दिव्यांगों का सरकार कर रही उत्थान
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रविवार को सर्किट हाउस में कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
विस्तार
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रविवार को सर्किट हाउस में कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब, पिछड़े, दिव्यांग, वृद्ध और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पात्र व्यक्ति तक सरकारी सहायता हर हाल में पहुंचेगी। आर्थिक कमजोरी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने, इसके लिए सरकार छात्रवृत्ति और सहायता योजनाएं संचालित कर रही है।
बेटियों की शिक्षा को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है ताकि उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार से जोड़ने के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए पेंशन योजना चलाई जा रही है।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भरण-पोषण पेंशन को 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। कक्षा नौ से 12 तक की पात्र छात्राओं को ई-ट्राईसकिल उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है।
दिव्यांग युवक और युवती को विवाह अनुदान योजना के तहत 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। सभी 18 मंडलों में जिला पुनर्वास केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनके लिए स्थानों का चयन किया जा चुका है। प्रदेश के 28 विशेष विद्यालयों में दिव्यांग विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि लखनऊ और चित्रकूट में उच्च शिक्षा की विशेष व्यवस्था उपलब्ध है। चालू वित्तीय वर्ष में 37 लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति देने का लक्ष्य रखा गया है। गरीब परिवारों की 1.5 लाख बेटियों के विवाह के लिए 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 30 हजार युवाओं को ट्रिपल-सी और ओ-लेवल का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की योजना है।
समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों को समय से कराने के निर्देश
राज्य मंत्री ने सर्किट हाउस में प्रयागराज और चित्रकूटधाम मंडल के अधिकारियों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान योजनाओं के पात्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के लक्ष्य निर्धारित समय में पूरे करने और निर्माणाधीन कार्य गुणवत्ता व समयबद्ध ढंग से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं का प्रचार-प्रसार गांवों तक करने को कहा। बैठक में दोनों मंडलों के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी मौजूद रहे।