प्रयागराज : बीएएमएस डॉक्टर ने दी थी सीएम योगी के कार्यक्रम से पहले बम की फर्जी सूचना, आरोपी हिरासत में
प्रसून राजरूपपुर का रहने वाला है। पुलिस मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए उस तक पहुंची और फिर उसे हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचे उसके पिता भीकचंद शर्मा ने बताया कि 2017 में हुए सड़क हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर आगमन से थोड़ी देर पहले इंदिरा भवन में बम की सूचना देकर सनसनी फैलाने वाला बीएएमएस डॉक्टर निकला। प्रसून शर्मा नाम के इस युवक को सिविल लाइंस पुलिस ने शनिवार को हिरासत में ले लिया। देर रात तक उससे पूछताछ जारी थी।
प्रसून राजरूपपुर का रहने वाला है। पुलिस मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए उस तक पहुंची और फिर उसे हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचे उसके पिता भीकचंद शर्मा ने बताया कि 2017 में हुए सड़क हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद से उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं है।
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसका कहना था कि उसने ऐसे ही सूचना दे दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र सिंह यादव का कहना है कि उससे पूछताछ की जा रही है। मामला गंभीर है, ऐसे में मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बेसमेंट से लेकर पांचवें तल तक हुई थी चेकिंग
गौरतलब है कि एक दिन पहले फोन के जरिये शाम करीब 4.15 बजे सूचना पुलिस को मिली थी कि कुछ लोग इंदिरा भवन को बम से उड़ाने की बात कर रहे हैं। इसके बाद करीब एक घंटे तक इंदिरा भवन का चप्पा-चप्पा खंगाला गया। बेसमेंट से लेकर पांचवें तल तक एंटी सबाटोज टीम और डॉग स्क्वॉड ने तलाशी ली। पूरे परिसर की चेकिंग कराई गई। सघन तलाशी के बाद भी कुछ नहीं मिला तब सभी ने राहत की सांस ली।