Prayagraj: आर्यकन्या में भी होगी बीएएलएलबी की पढ़ाई, कॉलेज को दी 120 सीटों की मंजूरी
आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए कॉलेज की ओर से इविवि को प्रस्ताव भेजा गया था। इविवि प्रशासन ने कॉलेज में बीएएलएलबी की 120 सीटों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसे बार कौंसिल ऑफ इंडिया से अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में भी अब बीएएलएलबी की पढ़ाई होगी। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) ने महाविद्यालय में बीएएलएलबी पाठ्यक्रम के संचालन की मंजूरी दे दी है। अब बार कौंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) को प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं,मौजूद सत्र से कॉलेज में एमए प्राचीन इतिहास और मध्यकालीन इतिहास के पाठ्यक्रम का संचालन शुरू करने की मंजूरी मिल गई है।
आर्यकन्या डिग्री कॉलेज में बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए कॉलेज की ओर से इविवि को प्रस्ताव भेजा गया था। इविवि प्रशासन ने कॉलेज में बीएएलएलबी की 120 सीटों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, इसे बार कौंसिल ऑफ इंडिया से अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है, इसके लिए इविवि प्रशासन की ओर से बीसीआई को प्रस्ताव भेज दिया गया है। बीसीआई से हरी झंडी मिलने के बाद कॉलेज में बीएएलएलबी का पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। यह पाठ्यक्रम अगले सत्र 2024-25 से शुरू होने की उम्मीद है।
वहीं, कॉलेज में अब पीजी के दो नए पाठ्यक्रमों के संचालन को भी मंजूरी मिल गई है। इविवि ने एमए प्राचीन इतिहास और एमए मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विषय की 50-50 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी है। कॉलेज में अब तक आठ विषयों की पीजी की पढ़ाई हो रही थी, जिनमें एमए हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, राजनीति विज्ञान, संगीत, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र एवं अर्थशास्त्र शामिल हैं। एमए प्राचीन इतिहास और मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास को मंजूरी मिलने के बाद कुल 10 विषयों में पीजी की पढ़ाई होगी। दोनों नए विषयों में सत्र 2023-24 से दाखिले शुरू हो गए हैं।
कॉलेज की प्राचार्य प्रो.अर्चना पाठक ने बताया कि बीसीआई से बीएएलएबी को मंजूरी मिलने के बाद अगले सत्र से पाठ्यक्रम का संचालन शुरू किया जाएगा। वहीं,पीजी के दोनों नए विषयों में प्रवेश प्रारंभ हैं। अभ्यर्थी कॉलेज कार्यालय से फाॅर्म प्राप्त करके पीजी में प्रवेश ले सकते हैं। यूजी में प्रवेश के लिए उन अभ्यर्थियों को फॉर्म दिए जा रहे हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन करा लिए हैं।
यूजी में इस हफ्ते प्रवेश शुरू होने की उम्मीद
इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों में इस हफ्ते स्नातक (यूजी) में प्रवेश शुरू होने की उम्मीद है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने में गड़बड़ी की है। ऐसी ही गड़बड़ियों के कारण बीएचयू में बीच में ही प्रवेश प्रक्रिया रोक दी गई। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो.जेके पति ने बताया कि अभ्यर्थियों को एसएमएस और ईमेल से सूचना भेजकर कहा गया था कि त्रुटियों में संशोधन करा लें। एजेंसी से भी कहा गया है कि त्रुटियों को शीघ्र दूर कर लिया जाए। प्रयास होगा कि इस हफ्ते कटऑफ जारी कर यूजी में प्रवेश शुरू कर दिए जाएं।