कैंसर से बचाएगा गंगा में मिला बैक्टीरिया : इविवि के पर्यावरण अध्ययन केंद्र के शोध में वैज्ञानिकों ने किया दावा
पर्यावरण अध्ययन केंद्र के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुरनजीत प्रसाद का यह शोधपत्र प्रकाशन के लिए अमेरिका के बायोटेक्नोलॉजी एंड जेनेटिक इंजीनियरिंग रिव्यूज को भेज दिया गया है। डॉ. प्रसाद के अनुसार प्रयागराज स्थित रसूलाबाद घाट पर लिए गए गंगाजल के नमूने में स्यूडोमोनास नाम का बैक्टीरिया मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगा में मिला स्यूडोमोनास नाम का बैक्टीरिया कैंसर के इलाज में कारगर साबित हो सकता है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पर्यावरण अध्ययन केंद्र के एक शोध में यह दावा किया गया है। हालांकि, स्यूडोमोनास एंटीबायोटिक रजिस्टेंस बैक्टीरिया है, लेकिन जीनोम सीक्वेंसिंग के दौरान पता चला है कि यह वर्जीनिया फैक्टिन नाम का पॉली किटाइड (नॉन राइबोसोमल पेप्टाइड) बनाता है, जिसमें एंटी बायोटिक के साथ एंटी कैंसर गुण भी मौजूद हैं।
पर्यावरण अध्ययन केंद्र के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुरनजीत प्रसाद का यह शोधपत्र प्रकाशन के लिए अमेरिका के बायोटेक्नोलॉजी एंड जेनेटिक इंजीनियरिंग रिव्यूज को भेज दिया गया है। डॉ. प्रसाद के अनुसार प्रयागराज स्थित रसूलाबाद घाट पर लिए गए गंगाजल के नमूने में स्यूडोमोनास नाम का बैक्टीरिया मिला है। पर्यावरण अध्ययन केंद्र में इसकी जीनोम सीक्वेसिंग की सुविधा नहीं है, सो इसके लिए बंगलुरू स्थित एक कंपनी की मदद ली गई।
बंगलुरू में मिडजीनोम कंपनी से इसकी जीनोम सीक्सेविंग कराई गई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जीनोम में एंटीबायोटिक रजिस्टेंस जींस मिले, जिनमें टेट्रासाइक्लीन और एंपिसिलीन शामिल हैं। इसके साथ इसमें आर्सेनिक से संबंधित जींस भी मिले हैं। आर्सेनिक एक विषैला रसायन है, जो आम तौर पर पानी में पाया जाता है। यह एंटी बक्टीरियल होता है।
बकौल डॉ. प्रसाद, जीनोम सीक्वेंसिंग का बायोइंफॉर्मेटिक एनालिसिस करने पर पता चला कि स्यूडोमोनास बैक्टीरिया वेनेज्यूलीन, जेनामाइट और वर्जीनिया फैक्टिन नाम का पॉली किटाइड बनाता है। वेनेज्यूलीन और जेनामाइट में एंटीबायोटिक गुण पाए गए, जबकि वर्जीनिया फैक्टिन पॉली किटाइड में एंटीबायोटिक के साथ एंटी कैंसर गुण भी पाए गए हैं।
डॉ. प्रसाद का कहना है कि साल भर चले रिसर्च के बाद पता चल सका कि जो बैक्टीरिया शरीर को कई बीमारियां दे सकता है, उसमें मौजूद पॉली किटाइड कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से लड़ने में कारगर साबित हो सकता है। यह शोध इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि दुनिया भर में कैंसर के इलाज पर काम चल रहा है। मेडिकल साइंस के क्षेत्र में वर्जीनिया फैक्टिन पॉली किटाइड के इस्तेमाल से कैंसर के इलाज का रास्ता खोजा जा सकता है।
स्यूडोमोनास से होता है फेफड़े का इंफेक्शन
स्यूडोमानास एक तरह का पैथाेजेनिक बैक्टीरिया है, जो कई गंभीर बीमारियों की वजह बन सकता है। इससे फेफड़े और यूरिन का इंफेक्शन होता है। सांस की नली के लिए भी यह बैक्टीरिया हानिकारक है। स्यूडोमोनास एंटी रजिस्टेंस बैक्टीरिया है, सो इस पर एंटीबायोटिक दवाएं भी बहुत कम असर करती हैं।
मिट्टी, सीवेज के पानी में मिलता है बैक्टीरिया
स्यूडोमानास बैक्टीरिया आमतौर पर मिट्टी और सीवेज के पानी में मिलता है। नदियों में भी जगह-जगह सीवेज का पानी मिलता है। ऐसे में यह बैक्टीरिया नदियाें के पानी में भी मिलने लगा है।