इविवि में पहले दिन बीकॉम में 274 दाखिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बुधवार से शुरू हुए दाखिले की जंग में पहले दिन प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों में उत्साह दिखाई पड़ा। पहले दिन बीकॉम के प्रवेश के लिए सभी श्रेणी में 191 अंक और उससे अधिक अंक पाने वाले और एसटी में 102 अंक या उससे अधिक पाने वाले छात्रों को प्रवेश के लिए बुलाया गया। पहले दिन बीकॉम में सभी श्रेणी के 148 और एसटी के 126 छात्र-छात्राओं ने रिपोर्टिंग के बाद प्रवेश लिया, इस प्रकार कुल 274 छात्रों ने पहले दिन प्रवेश लिया। बीकॉम में प्रवेश के लिए पहले दिन प्रवेश परीक्षा के दोनो टॉपर ने भी प्रवेश लिया।
तय समय से पहले पहुंच गए छात्र-अभिभावक
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रवेश भवन पर दाखिले के लिए पहले दिन नौ बजे से रिपोर्टिंग का समय तय किया गया था परंतु बड़ी संख्या में प्रवेशार्थी अपने अभिभावकों के साथ सुबह सात बजे ही पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह नौ से बाहर बजे के बीच छात्रों की ओर से रिपोर्टिंग की गई। इसके बाद दो बजे से छात्र-छात्राओं ने फीस जमा करके अपना प्रवेश पक्का किया। छात्रों और अभिभावकों की सुविधा के लिए विवि की ओर से पहली बार शुल्क जमा करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गई थी। विवि की ओर से प्रवेश भवन पर चार स्वैप मशीन लगाई गई थी, जिसके माध्यम से शुल्क जमा की गई। बीकॉम में प्रवेश के कुल 1001 रुपये शुल्क छात्र-छात्राओं से जमा कराई गई। इसमें 70 रुपये बीमा का भी शुल्क था।
छात्रावास के लिए दिए गए आवेदन
0 इविवि की ओर से पहली बार छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए प्रवेश के साथ छात्रावास के लिए फार्म दिए गए। छात्रों से हॉस्टल का फार्म लेने के बाद अब उन्हें 25 जून तक छात्रावास का आवंटन कर दिया जाएगा। विवि की ओर से प्रवेश लेने वालों को बताया गया कि 25 जून को छात्रावास आवंटन की सूची देखें।
छात्र नेताओं को प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने बाहर किया
प्रवेश के पहले दिन बड़ी संख्या में छात्र नेता प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रवेश भवन पहुंच गए थे। रिपोर्टिंग के दौरान यह छात्र नेता नए प्रवेशार्थियों और अभिभावकों को जबरन प्रभावित करने की कोशिश करते रहे। इससे नाराज होकर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की ओर से इन छात्र नेताओं को वहां से हटने के लिए कहा गया। छात्र नेताओं के नहीं हटने पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने उन्हें जबरन बाहर किया।
लेह-लद्दाख की डिस्किट चोसडोम ने बीकॉम में प्रवेश लिया
इलाहाबाद विश्वविद्यालय का आकर्षण जम्मू-कश्मीर के लेह-लद्दाख की डिस्किट चोसडोम को प्रवेश के लिए खींच लाया। बीकॉम में प्रवेश के लिए डिस्किट चोसडोम अपने माता-पिता क्रमश: स्यांग पनचोक और रिग्जिन लामा के साथ आई थीं। उसके पिता स्यांग पनचोक सेना से अवकाश ग्रहण कर चुके हैं जबकि मां गृहणि हैं। डिस्किट चोसडोम को प्रवेश परीक्षा में 178 अंक मिले थे, इस छात्रा ने अनुसूचित जनजाति कोटे में प्रवेश लिया। इस छात्रा ने बातचीत में बताया कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के बारे में उसने बहुत कुछ सुन रखा था, इस बात को ध्यान में रखकर यहां पढ़ने आई है।
प्रदेश के दूर-दराज की छात्राओं में विवि का आकर्षण
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीकॉम करने के क्रेज को मन में लिए उरई के किसान राजीव तिवारी की बेटी श्रद्घा तिवारी ने पहले दिन ही बीकॉम में प्रवेश लिया। इस छात्रा को बीकॉम प्रवेश परीक्षा में 202 अंक मिले थे, एसे में पहले दिन ही इसका प्रवेश हो गया। अपने पिता के साथ प्रवेश लेने आई इस छात्रा के मन में इलाहाबाद विश्वविद्यालय को लेकर ढे़रों कौतूहल थे। इसी प्रकार मिर्जापुर के प्रमोद कुमार अपनी बेटी को बीकॉम में प्रवेश दिलाने पहुंचे।
बीकॉम में आज का प्रवेश
श्रेणी कटऑफ मार्क
अन्य पिछड़ी जाति (ओबीसी) 174 अंक और उससे अधिक
अनुसूचित जनजाति (एसटी) 90 अंक और उससे अधिक
प्रवेश के पहले दिन इलाहाबाद विवि की ओर से दाखिले की जिम्मेदारी संभाले निदेशक प्रो. मनमोहन कृष्ण और प्रवेश समिति की चेयरपर्सन प्रो. संगीता श्रीवास्तव अपनी पूरी कोर कमेटी के साथ प्रवेश भवन पर मौजूद रहे। प्रवेश के लिए कोर कमेटी में डॉ. प्रशांत घोष, डॉ. जावेद अख्तर, डॉ. हरिबंश सिंह, डॉ. धनंजय यादव, डॉ. पीएस पुंडीर, डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।
बीएससी बायो में प्रवेश 21 जून से
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति ने बुधवार को बीएससी बायो में प्रवेश के लिए कटऑफ जारी कर दिए। प्रवेश समति की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि 21 जून को प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं नौ से 12 बजे के बीच प्रवेश भवन पर रिपोर्ट करें। रिपोर्टिंग के बाद दो बजे से काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रवेश के लिए जो दस्तावेज लाने होंगे
0 प्रवेश पत्र और स्कोर कार्ड की मूल और फोटोकॉपी
0 हाईस्कूल की अंक पत्र-प्रमाण पत्र की मूल और फोटोकॉपी
0 इंटरमीडिएट की अंक पत्र-प्रमाण पत्र की मूल और फोटोकॉपी
0 ट्रांसफर सर्टिफिकेट अथवा माइग्रेशन सर्टिफिकेट की मूल कॉपी
0 जाति प्रमाण पत्र मूल और फोटोकॉपी
0 एक पास हाल ही का पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ
0 आधार कार्ड मूल और फोटोकॉपी
प्रवेश कार्यक्रम
21 जून के प्रवेश
श्रेणी कटऑफ मार्क
सभी श्रेणी 164 अंक और उससे अधिक
अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रवेश परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राएं
22 जून के प्रवेश
श्रेणी कटऑफ मार्क
सभी श्रेणी 154 अंक और उससे अधिक
अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रवेश परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राएं
प्रवेश फार्म उपलब्ध
एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज में बीएससी. में प्रवेश के लिए कॉलेज परिसर से फार्म मिलना शुरू हो गया है। इच्छुक छात्राएं जिन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय की स्नातक प्रवेश परीक्षा में भाग लिया है महाविद्यालय के काउटंर से (सुबह दस से अपराह्न तीन बजे) फार्म प्राप्त कर सकती हैं।
हिंदी विवि प्रवेश 28 तक
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विवि वर्धा के क्षेत्रीय केंद्र में नए सत्र में एमए स्त्री अध्ययन, एमए राजनीति शास्त्र तथा एमएसडब्ल्यू एवं अनुवाद में पीजी डिप्लोमा में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। प्रवेश फार्म ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम से भरे जा सकते हैं। प्रवेश फार्म क्षेत्रीय कार्यालय पर 28 जून तक प्रात: 9.30 से शाम छह बजे तक प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। यह जानकारी सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. प्रकाश त्रिपाठी ने दी।
कुलभास्कर में प्रवेश के लिए आवेदन छह जुलाई तक
कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज में एमएससी कृषि, बीकॉम, बीएससी बायोटेक तथा बीएससी (गणित, बायो, कंप्यूटर, शारीरिक शिक्षा) की कक्षाओं में प्रवेश के लिए आवेदन छह जुलाई तक कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों तरीकेसे किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा फार्म का शुल्क 600 रुपए रखा गया है।