Ateeq Ahmed News : दो घंटे में मलबे में दफन हो गया वर्षों का बना रसूख, बिखरा मलबा बयां कर रहा था साम्राज्य दरकने की कहानी
अतीक अहमद के कब्जे से सिविल लाइंस स्थित जमीन को मुक्त कराए जाने व उस पर बने गोदाम के ध्वस्तीकरण के साथ ही उसका वर्षों में बनाया रसूख भी दो घंटे में ध्वस्त हो गया। करोड़ों की कीमत वाली अतीक के कब्जे वाली बेशकीमती जमीन, जो कल तक अतीक के रसूख को बयां करती थीं, पर कार्रवाई के बाद बिखरा मलबा उसके साम्राज्य के दरकने की कहानी कह रहा था।
सोमवार सुबह 11:30 बजे के करीब जैसे ही पीडीए अफसर लाव लश्कर के साथ नवाब यूसुफ रोड पर पहुंचे, वहां हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अवैध तरीके से पटरी पर लगी दुकानें सिमटने लगीं। बाद में पता चला कि टीम अतीक के कब्जे वाली जमीन पर कार्रवाई के लिए पहुंची है, तब जाकर दुकानदारों ने राहत की सांस ली। उधर टीम के पहुंचने के कुछ देर बाद ही सीओ अजीत सिंह चौहान सिविल लाइंस व कैंट के साथ कीडगंज थाने की फोर्स लेकर पहुंच गए।
कुछ ही देर में नवाब यूसुफ रोड पर क्लाइव रोड मोड़ से खरबंदा चौराहे तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया। बुलडोजर ने सबसे पहले गोदाम पर लगे टिन शेड तोड़ने शुरू किए। इसके बाद चारों ओर की दीवारें और फिर पिलर ध्वस्त किए गए। लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली जिस जमीन पर विशाल गोदाम बना था, वहां दो घंटे बाद ही चारों ओर मलबा बिखरा पड़ा था।