अमित शाह का सपा पर निशाना : अखिलेश की आंखों पर काला चश्मा चढ़ा है, उन्हें काला ही दिखाई देता है
शाह ने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार में हत्या, डकैती, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं में कमी आई है। सरकार ने दो हजार करोड़ की सरकारी भूमि माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई है। इन जमीनों का उपयोग गरीबों के लिए घर बनाने में हो रहा है।
विस्तार
रामपुर खास विधानसभा के रामपुर बावली में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार के समर्थन में आयोजित जनसभा में गृहमंत्री अमित शाह ने सपा और बसपा पर प्रहार किया। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए शाह ने कहा कि उनकी आंखों पर काला चश्मा चढ़ा है। जो काला चश्मा पहनते हैं, उन्हें काला ही दिखाई पड़ता है। अखिलेश पूछ रहे थे कि क्या परिवर्तन आया है। यूपी में क्या काम हुआ है।
शाह ने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार में हत्या, डकैती, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं में कमी आई है। सरकार ने दो हजार करोड़ की सरकारी भूमि माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराई है। इन जमीनों का उपयोग गरीबों के लिए घर बनाने में हो रहा है। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद संसद में पहला भाषण देते हुए कहा था कि यह गरीबों, पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों की सरकार है।
मोदी सरकार ने मुफ्त गैस कनेक्शन दिए
मोदी सरकार ने यूपी में एक करोड़ 67 लाख माताओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिए। मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए, घर दिए और शौचालय बनवाए। सपा सरकार में बिजली रानी कभी चौबीस घंटे आती थीं क्या। योगी सरकार ने हर गांव में बीस से चौबीस घंटे बिजली की व्यवस्था की है। कोरोना का टीका तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी वैज्ञानिकों का अभिनंदन कर रहे थे। तब अखिलेश कहते थे, ये मोदी का टीका है, न लगवाना।
दस दिन बाद खुद रात के अंधेरे में जाकर टीका लगवा लिया। अच्छा हुआ आप लोगों ने उनकी बात नहीं मानी। अगर टीका नहीं होता तो कोरोना की तीसरी लहर में सलामत रहते क्या। कोरोना के दौर में रेहड़ी, पटरी, रिक्शा, दुकान सब बंद हो गई। मोदी चायवाले के बेटे हैं। उन्हें पता है गरीब का घर कैसे चलता है। यूपी के 15 करोड़ लोगों को दो साल तक फ्री राशन दिया। मुख्यमंत्री योगी साथ में दाल, चावल, नमक और तेल भी दे रहे हैं।
प्रदेश के दो करोड़ 54 लाख किसानों के खाते में हर साल सम्मान निधि के रूप में भेजे जा रहे हैं। यूपी में फिर भाजपा की सरकार बनवा दो, किसानों को बिजली का बिल नहीं देना पड़ेगा। दस मार्च को भाजपा की सरकार बनेगी और होली पर महिलाओं को फ्री सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उच्च शिक्षा हासिल करने वाली लड़कियों को दिया जाएगा स्कूटी
हर बच्ची जो उच्च शिक्षा हासिल करना चाहती है, उसे मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। इसी तरह उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जाएंगे। यूपी में पांच साल में दस लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। सरकार ने दस नए विश्वविद्यालय, चालीस मेडिकल कॉलेज और 28 इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाए। सत्तर साल से सपा-बसपा और कांग्रेस ने कश्मीर में अनुच्छेद 370 को बच्चे की तरह गोद में पालकर रखा था।
भाजपा की सरकार बनते ही इसे उखाड़कर फेंक दिया गया। अखिलेश डराते थे कि ऐसा करने पर देश में खून की नदियां बहेंगी। अखिलेश बाबू, किसको डराते थे। हम किसी गीदड़भभकी से नहीं डरने वाले। कहीं किसी की एक कंकड़ चलाने की भी हिम्मत नहीं हुई।
साइकिल की सवारी की तो फिर छाती पर मूंग दलेंगे माफिया
गृहमंत्री अमित शाह ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गलती से भी साइकिल की सवारी की तो माफिया फिर से आपकी छाती पर मूंग दलने के लिए आ जाएंगे। बुआ-भतीजे की सरकारों ने यूपी को बाहुबलियों के हवाले कर दिया था। योगी सरकार ने यूपी को बाहुबलियों की परेशानी से मुक्त कराया। अतीक अहमद कहां है, आजम खां कहा है, मुख्तार अंसारी कहां है। बड़े-बड़े गए, जो चट्टे-बट्टे बचे हैं, वो भी जेल जाएंगे। योगी सरकार ने यूपी की कानून व्यवस्था को मजबूत किया है।
ठाकुर साहब के लिए ताली बजाओ
अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि रामपुर खास वालों मैं नागेश प्रताप सिंह के लिए प्रचार करने आया हूं। ठाकुर साहब के लिए तालियां बजाओ। गृहमंत्री ने कहा कि आपका उत्साह बता रहा है कि फिर भाजपा की सरकार आ रही है। जहां तक नजर जा रही है, मुंड ही मुंड नजर आ रहे हैं। भाजपा तीन सौ से ज्यादा सीटें जीतेगी। इस बार भाजपा जीत का चौका लगाएगी।
हरिवंश राय बच्चन के बहाने भी साधा
अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए बेल्हा देवी और बाराही देवी धाम का जिक्र किया। उन्होंने करपात्रीजी महाराज का नाम लेकर भी लोगों को साधने का प्रयास किया। गृहमंत्री ने कहा कि यह हरिवंश राय बच्चन और भिखारी दास जैसे महान विभूतियों की सरजमीं है। जब रामपुर खास के लिए मेरे कार्यालय में जनसभा की बात आई तो सोचा कि इतने कम वक्त में कैसे सभा होगी, लेकिन यहां आकर गदगद हूं।