‘अमर शहीदों की कुर्बानी याद करेगा हिंदुस्तानी’
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर शनिवार को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और राजनैतिक पार्टियों की ओर से उन्हें नमन किया गया। सभी ने नेताजी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जय हिन्द फाउंडेशन की ओर से सुभाष चौराहे पर सैकड़ों मोमबत्तियां जलाकर नेताजी को नमन किया। ‘तुम्हें भुला कर जिंदा हैं शहीदों हम शर्मिंदा हैं’, ‘अमर शहीदों की कुर्बानी याद करेगा हिंदुस्तानी’ आदि नारे लगाए गए। कार्यक्रम में सिद्धांतकार राजू, दिलीप, प्रदीप, लक्ष्मण, आशुतोष, रविंद्र आदि मौजूद रहे।
सुर-ओ-श्री संस्था ने नेताजी की जयंती पर जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज में ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’ आयोजित किया गया। अध्यक्ष शर्मिला चटर्जी और नाजरेथ अस्पताल के फादर रेजिनेल्ड डिसूजा ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। सपन समाद्दार ने ‘प्रणाम तुम्हें हे निर्भय प्राण’ और कलाकारों ने ‘कदम-कदम बढ़ाए जा’, ‘हम देहली- देहली जाएंगे’, ‘तेरी आवाज पर कोई न आए’ धन्य-धन्य पुष्पों से भरे फूल हमारी वसुंधरा’ आदि गीतों पर सामूहिक प्रस्तुति देकर नेताजी को याद किया। रवींद्रनाथ ठाकुर, काजी नजरूल इस्लाम, डीएल राय, एपी सेन, आजाद हिन्द फौज के गाने को भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्य संरक्षक बादल चटर्जी ने मुख्य अतिथियों को धन्यवाद दिया। दरभंगा कालोनी पूजा कमेटी की ओर से दरभंगा पूजा पार्क में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त राजन शुक्ला ने रक्तदान किया। यह मंडलायुक्त का 102वां रक्तदान था। शिविर में सचिव देबव्रत बासु की देखरेख में लोगों ने बढ़कर हिस्सा लिया। एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रबंधक प्रो. एमसी चट्टोपाध्याय ने उनके पिताजी और नेताजी की दोस्ती के बारे में बताया। इस दौरान शिक्षकों और छात्रों द्वारा कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हुई। कार्यक्रम में शिक्षक रवींद्र मिश्रा समेत काफी संख्या में शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
बंगाली सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सहदेव मुखर्जी ने नेताजी की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। उन्होंने नेताजी के बलिदान से लोगों को रूबरू करवाया और जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की। देश भक्त सेवा संस्थान ने सुभाष चौक पर उन्हें नमन किया। दिवाकर शर्मा ने नेताजी को भारत माता का सच्चावीर सपूत बताया।
नेताजी बोस के जन्मदिन पर ऑल इंडिया डीएसओ, डीवाईओ और अखिल भारतीय महिला सांस्कृतिक संगठन के संयुक्त तत्वाधान में सुभाष चौराहे पर लोगों को बैच पहनाया गया। साथ ही नेताजी की किताबों की दुकान भी लगाई गई। एआईडीएसओ की ओर से इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर में भी बैच वितरण और पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई। ऑल इंडिया महिला संगठन की संयोजिका रश्मि मालवीय ने नेताजी की जीवन पर प्रकाश डाला। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, पतंजलि योग समिति और युवा भारत के संयुक्त तत्वाधान में जयंती प्रांतीय कार्यालय में मनाई गई। इस मौके पर डॉ. रणधीर सिन्हा की देखरेख में झूंसी और सरस्वती पार्क में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित हुई।
सीनियर सिटीजन कौंसिल की ओर से सुभाष बोस की जयंती पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में नेताजी का योगदान’ विषय पर संगोष्ठी ओर कवि सम्मेलन का आयोजित हुई। जीवन जागृति सेवा समिति की ओर से भी लोगों ने सुभाष चंद्र की जयंती धूमधाम से मनाई। भारतीय जनता पार्टी के संयोजक राजेश केसरवानी ने नेताजी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नेताजी को नमन किया।
शिव सेना उत्तर प्रदेश द्वारा बैरहना में नेताजी की जयंती मनाई गई। सचिव प्रदीप चौरसिया ने चित्र पर माल्यार्पण कर नेताजी को श्रद्धांजलि दी। आल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन, न्याय अधिकार मंच, सामाजिक एकता परिषद, आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, इंटैक, स्वतंत्रता संगाम सेनानी स्व. मोहित कुमार बनर्जी स्मृति समिति की ओर से भी नेताजी को नमन किया गया।