इलाहाबाद विश्वविद्यालय : स्नातक में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 28 के बाद खुलेगी दाखिले की खिड़की
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभी तक सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) का रिजल्ट जारी नहीं किया है। इविवि प्रशासन ने रिजल्ट से पहले रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करा दी है, ताकि रिजल्ट आने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। सीयूईटी में जिन अभ्यर्थियों ने इविवि का विकल्प भरा था, उन्हीं का रजिस्ट्रेशन मान्य होगा।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया बुधवार शाम से शुरू कर दी गई। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कटऑफ अंक जारी किए जाएंगे और दाखिले की खिड़की खुलेगी।
हालांकि, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभी तक सेंट्रल यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) का रिजल्ट जारी नहीं किया है। इविवि प्रशासन ने रिजल्ट से पहले रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करा दी है, ताकि रिजल्ट आने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया समय से पूरी की जा सके। सीयूईटी में जिन अभ्यर्थियों ने इविवि का विकल्प भरा था, उन्हीं का रजिस्ट्रेशन मान्य होगा।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से पहले अनारक्षित, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को 300 रुपये और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी श्रेणी के अभ्यर्थियों को 150 रुपये ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। पंजीकरण शुल्क वापस नहीं होगा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करने के लिए अभ्यर्थियों को एनटीए आवेदन नंबर और एनटीए रोल नंबर की आवश्यकता पड़ेगी।
इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन फॉर्म में जन्म तिथि, जाति, चयनित स्नातक पाठ्यक्रम आदि की जानकारी एनटीए के आवेदन पत्र में भरी गईं सूचनाओं के अनुरूप होनी चाहिए। आवेदक को पासपोर्ट आकार की फोटो, हस्ताक्षर, मार्कशीट, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्र आदि का जेपीजी या पीडीएफ प्रारूप तैयार रखना होगा।
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए इविवि की वेबसाइट पर लिंक https://aucuetug2023.cbtexam.in/ उपलब्ध है। इविवि में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवेदन को काउंसलिंग के वक्त अपनी एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी आईडी) देना अनिवार्य होगा। एबीसी आईडी बनाने के लिए दो वकिल्प है। इसकी प्रक्रिया को समझने के लिए इविवि की वेबसाइट पर एक टूलकिट प्रदान की गई है।
इविवि में 11 पाठ्यक्रमों में होंगे प्रवेश
सीयूईटी के माध्यम से इविवि में 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिए जाएंगे। इनमें बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए), बैचलर ऑफ साइंस (बीएसी), बैचलर ऑफ कॉमर्स (बीकॉम), बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आटर्स (बीपीए) एवं बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) शामिल हैं और इनके अलावा नई शिक्षा नीति के तहत सत्र 2023-24 से शुरू होने जा रहे छह अन्य पाठ्यक्रम हैं। नई शिक्षा नीति के तहत डेटा पाठ्यक्रम में पांच वर्षीय एकीकृत बीसीए एवं एमसीए पाठ्यक्रम, परिवार और सामुदायिक विज्ञान में पांच वर्षीय एकीकृत कार्यक्रम (बीसीए एवं एमसीए) गृह विज्ञान, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण अध्ययन में पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम, विधि में पांच वर्षीय एकीकृत (बीएएलएलबी ऑनर्स) पाठ्यक्रम और प्रबंधन में पांच वर्षीय एकीकृत (बीबीए एवं एमबीए) पाठ्यक्रम शामिल हैं।