नाबालिग बेटे से फायरिंग कराने में बढ़ सकती है अतीक की मुश्किलें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद। बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हमेशा अपने नए कारनामों के जरिए सुर्खियों में रहने वाले अतीक अहमद इस बार एक शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से अपने नाबालिग बेटे से फायरिंग कराने को लेकर चर्चा में है। रविवार को भी पूरे दिन यह वीडियो चर्चा में रहा। सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनलों तक में इसे खूब दिखाया गया। हालांकि इस मामले में जिले के पुलिस अफसर चुप्पी साधे हुए है। उनका कहना है कि वीडियो मिले तो इसकी फोरेंसिक जांच कराने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
अतीक अहमद शहर पश्चिमी से पांच बार विधायक और एक बार फूलपुर से सांसद रह चुके हैं। राजूपाल हत्याकांड में सीबीआई जांच के आदेश से जहां अतीक के लिए परेशानी बढ़ी है, उसके ठीक दूसरे दिन अतीक के नाबालिग बेटे के शादी समारोह में हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हो जाने से अतीक चौतरफा घिर गए हैं। लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर सुर्खियां बन गया। हाईकोर्ट ने पहले से ही हर्ष फायरिंग पर रोक लगा रखी है। साथ ही किसी दूसरे के लाइसेंसी शस्त्र से फायरिंग नियम विरुद्ध है। ऐसे में फायरिंग का यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
25 जनवरी 2005 को ही शहर पश्चिमी के विधायक राजूपाल को सुलेम सराय में गोलियों से छलनी कर दिया गया था। इस हत्याकांड में पूर्व सांसद अतीक अहमद उनके भाई पूर्व विधायक अशरफ समेत कई लोग नामजद हुए। इस घटना के ठीक 11 साल बाद सीबीआई जांच के आदेश से राजूपाल की पत्नी और शहर पश्चिमी की विधायक पूजा पाल को जरूर उम्मीद जगी है कि उनके पति के हत्यारोपियों को सजा मिलेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।