मरीजों के लिए लगाई जाएगी कैथलैब, फे को मशीन
मोती लाल नेहरू मेडिकल (एमएलएनएम) कॉलेज के कार्डियोलॉजी विभाग में कैथलैब और मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय (एमडीआई) में एम्स की तरह नई एडवांस फे को मशीन लगवाई जाएगी। सोमवार को हाईकोर्ट में एक केस की सुनवाई में आए चिकित्सा शिक्षा सचिव अनूप चंद पांडेय ने विभागों का निरीक्षण करते हुए दोनों विभागों में मरीजों के लिए यह सुविधा बहाल किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने एमएलएनएम कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह से इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा।
प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा सबसे पहले एमडीआई हॉस्पिटल गए। वहां उन्होंने ओपीडी, ओटी सहित सारे वार्ड देखे। चिकित्सकों ने एडवांस फे को मशीन की मांग की। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि इसी वित्तीय वर्ष में यह मशीन स्थापित कर दी जाएगी। इसके बाद वह चिल्ड्रेन अस्पताल पहुंचे। वहां पर उन्होंने सभी वार्ड देखे, ओटी गए और एनआईसीयू वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रेन अस्पताल को एसआरएन में शिफ्ट किए जाने की बात कही। कहा कि इसे जल्दी ही शिफ्ट कराया जाए। इसके बाद वह स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने वार्ड नंबर एक, दो, सात, 13, 14, 15, 16, 17 में घूमे और कई मरीजों से पूछताछ भी की। मरीजों ने दवा न मिलने के साथ व्यवस्था से जुड़ी कई शिकायतें कीं। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह और चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. केके द्विवेदी से व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में साफ-सफाई के लिए भी निर्देशित किया। गैस्ट्रोलॉजी एवं कार्डियोलॉजी का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कैथ लैब स्थापित किए जाने और बिल्डिंग का रेनोवेशन कराए जाने, टीबी वार्ड को और अॅपडेट कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया।