Mahakumbh : कुंभ क्षेत्र में वक्फ बोर्ड की भूमि बताकर माहौल बिगाड़ने वालों को अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने चेताया
महाकुंभ मेले में शांति और सुरक्षा को लेकर रविवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी के साथ पुलिस के आला अफसरों ने लंबी चर्चा की। इसमें महंत ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और चाकचौबंद करने के लिए कहा।
विस्तार
महाकुंभ मेले में शांति और सुरक्षा को लेकर रविवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी के साथ पुलिस के आला अफसरों ने लंबी चर्चा की। इसमें महंत ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और चाकचौबंद करने के लिए कहा। बैठक में एडीजी जोन भानु भास्कर, एसएसपी कुंभ राजेश द्विवेदी, एसपी अखाड़ा अवनीश मिश्रा, सीओ अखाड़ा अजय प्रताप सिंह, सीओ अखाड़ा अतुल कुमार पांडेय और सीओ अखाड़ा दिनेश दत्त शामिल रहे। इन्होंने महंत रवींद्र पुरी को आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।
इसी दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष ने पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार का पूरा प्रयास मेले को दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न कराने का है। उन्होंने कहा कि जब से खालिस्तानी वाली बात सामने आई है तब से सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 13 अखाड़ों के पास सबसे बड़ी फौज सनातन धर्म के नागा संन्यासियों की है जो सनातन की रक्षा के लिए काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि जो हमसे टकराएगा वह चूर-चूर हो जाएगा। यह भी कहा कि इमाम साहब का दिमाग सही काम नहीं कर रहा है। उनके मानसिक स्थिति सही तरह से काम नहीं कर रही है उन्होंने कहा कि हमारे 13 अखाड़े में बड़े-बड़े संत महापुरुष मौजूद हैं हम इमाम साहब से कहते हैं कि वह यहां आएं। हम उनका दिमाग सही कर देंगे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र और उसकी भूमि झूसी से दारागंज तक फैली है, और जब भी मां गंगा अपने उफान पर आती है तो सब कुछ इसमें समोह लेती है।
लेकिन, मौलाना कहते हैं कि यह भूमि उनकी है।अखिल भारतीयअखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने कहा कि भूमि गंगा मैया की है। मौलाना का दिमाग सही तरह से काम नहीं कर रहा है। वह अपनी राजनीति कर रहे हैं और अपने आप कों चमकाने के साथ मुस्लिम समाज के नेता बनना चाहते हैं, इसलिए हम उनसे कहते हैं कि वो राजनीति न करें। हम साधु संत हैं हम तपस्या के लिए आए हैं। हम तपोनिष्ट और धर्मनिष्ठ हैं। इसलिए हम उनसे कहना चाहते हैं कि हमसे राजनीति न करें और कोई काम ऐसा ना करें जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो और माहौल खराब हो ऐसा कोई प्रयास न करें ऐसा करने से कहीं ऐसा ना हो की कुंभ स्नान की जगह कोई दूसरा कुंभ हो जाए।
क्योंकि संत शास्त्र और शस्त्र दोनों का ज्ञान भली-भांति जानते हैं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अखिल भारतीय परिषद 13अखाड़ों के संत महापुरुषों के साथ दिव्या और भव्यता के साथ सम्पन्न कराएंगे। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालका नंद गिरी, महा ब्रह्म ऋषि कुमार स्वामी महाराज ने कहा कि महाकुंभ मेला हमारी भारतीय संस्कृति की अद्भुत पहचान है और सभी संत महापुरुषों के आशीर्वाद से यह महा कुंभ मेला सकुशल होगा। इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालका नंद गिरि, महा ब्रह्म ऋषि कुमार स्वामी, अखाड़े के सचिव श्रीमहंत राम रतन गिरि, श्रीमहंत ओमकार गिरि, श्रीमहंत राधे गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद, महंत राजगीर सहित कई संत मौजूद रहे।