प्रयागराज : एयरफोर्सकर्मी ने खुद को गोली से उड़ाया, कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेंट्रल एयर कमांड बम्हरौली में तैनात एलएसी सागर उज्ज्वल(22) ने खुद को गोली से उड़ा लिया। घटना तब हुई जब वह ड्यूटी पर तैनात था। घटना में उसने अपनी सर्विस राइफल का इस्तेमाल किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की वजह नहीं पता चल सकी।
मृतक सागर उज्जवल पुत्र राजेंद्र सिंह मूल रूप से बागपत जनपद के बलई थाना क्षेत्र स्थित मलई कला गांव का रहने वाला था। करीब दो साल पहले उसने एयरफोर्स में नियुक्ति पाई थी। वर्तमान में वह कम्युनिकेशन स्क्वाड्रन, सेंट्रल एयर कमांड बम्हरौली में तैनात था। पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात वह एयरफोर्स स्टेशन के भीतर ही गारद ड्यूटी पर तैनात था। अचानक गोली चलने की आवाज आई तो साथी कर्मचारी भागकर मौके पर पहुंचे।
इस दौरान देखा कि सागर मृत पड़ा था और बगल में ही उसकी सर्विस राइफल पड़ी थी। जानकारी पर एयरफोर्स स्टेशन में तैनात अफसर आ गए और जांच पड़ताल के बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिविल लाइंस संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मृतक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है।
कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
उधर घटना को लेकर वायुसेना अफसरों की ओर से भी जांच शुरू करा दी गई है। रक्षा विभाग के पीआरओ ग्रुप कैप्टन समीर सुरेश ने बताया कि मामले में कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
फूट-फूटकर रोए परिजन
उधर, घटना की जानकारी पर सुबह बागपत से मृतक के परिजन भी आ गए। बेटे का शव देखकर वह फूट-फूटकर रोए। शाम को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि वह बेहद मिलनसार स्वभाव का था। उससे बातचीत में कभी नहीं लगा कि वह किसी बात को लेकर परेशान है।