प्रयागराज : सड़क चौड़ीकरण के लिए शुरू हुआ ध्वस्तीकरण, बड़ी संख्या में मकान आए जद में
नैनी में लेप्रोसी चौराहा से मेवालाल की बगिया चौराहा, पीडीए मोड़ समेत अन्य सड़कों पर चौड़ीकरण के लिए पीडीए की तरफ से नोटिस जारी करते हुए लाल निशान भी लगा दिया गया है। इसके बाद से लगातार व्यापारी और स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।
विस्तार
महाकुंभ को लेकर शहर की विभिन्न सड़कों के चौड़ीकरण की कवायद पीडीए ने तेज कर दी है। वहीं, इसका विरोध भी जारी है। लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण में बड़ी संख्या में लोगों के मकान और दुकान टूटेंगे।
नैनी में अरैल की तरफ जानी वाली कई सड़कों का चौड़ीकरण होना है। इसको लेकर भी लंबे समय से विरोध जारी है। लोगों के प्रतिनिधि मंडल ने पीडीए उपाध्यक्ष से मुलाकात की। इसके बाद मंगलवार को पीडीए उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने मौके पर जाकर सड़कों के चौड़ीकरण के हिस्से का निरीक्षण कर लोगों से बातचीत की तो सहमति बन गई। पीडीए उपाध्यक्ष ने लोगों को भरोसा दिलाया कि कोई बेघर नहीं होगा। जरूरत के हिसाब से ही तोड़फोड़ की जाएगी। किसी का व्यापार भी इससे प्रभावित नहीं होगा।
नैनी में लेप्रोसी चौराहा से मेवालाल की बगिया चौराहा, पीडीए मोड़ समेत अन्य सड़कों पर चौड़ीकरण के लिए पीडीए की तरफ से नोटिस जारी करते हुए लाल निशान भी लगा दिया गया है। इसके बाद से लगातार व्यापारी और स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पीडीए सड़क चौड़ीकरण के लिए जितनी दूर तक लाल निशान लगाया है। उतना टूटने पर लोग सड़क पर आ जाएंगे। इसी को लेकर सोमवार को सांसद रीता बहुगुणा जोशी के आवास पर पीडीए उपाध्यक्ष अरविंद चौहान और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता हुई थी। इसके बाद मंगलवार को पीडीए वीसी ने पहुंचकर सभी सड़कों का निरीक्षण किया।
सलोरी और गोविंदपुर में भी चौड़ीकरण का विरोध जारी
गोविंदपुर और सलोरी में भी कई सड़कें चिह्नित की गई हैं। इसको लेकर विरोध जारी है। सोमवार को स्थानीय निवासियों ने पीडीए में जाकर अपना विरोध दर्ज कराया था। मंगलवार को भी स्थानीय लोगों का विरोध जारी रहा। लोगों का कहना है कि इससे बड़ी संख्या में इन इलाकों में रहने वाले प्रभावित होंगे।