प्रयागराज : ऑन लाइन गेम एप से प्रतियोगी छात्र को लगाया 32 लाख का चूना, मची खलबली
झूंसी पुलिस के मुताबिक पूर्वांचल के एक जिले का रहने वाला युवक झूंसी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। कुछ रोज पहले उसने ऑन लाइन गेम ऐप पर सर्च किया। इसके कुछ देर बाद ही साइबर ठगों ने उसे कॉल की और अपनी बातों में फंसा लिया।
विस्तार
पुलिस अफसरों और मीडिया की ओर से साइबर क्राइम के प्रति लगातार जागरुक किए जाने के बावजूद लोग साइबर ठगों के झांसे में आ जा रहे हैं। साइबर ठग लोगों को इस कदर अपनी बातों में फंसा ले रहे हैं कि लोग अब कर्ज लेकर उन्हें पैसे दे दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला झूंसी थाने में भी तीन दिन पहले आया था। ऑनलाइन गेम ऐप के नाम पर साइबर ठगों ने प्रतियोगी छात्र को 32 लाख रुपये का चूना लगा दिया। साइबर ठगों ने प्रतियोगी छात्र को रातों-राज करोड़पति होने का ऐसा सब्जबाग दिखाया कि उसने अपनी जमीन बंधक रखकर बैंक से लाखों रुपये लोन लेकर ऑन लाइन गेम ऐप में लगा दिए। पूरा प्रकरण झूंसी थाने ने साइबर क्राइम विभाग के पास भेज दिया है।
झूंसी पुलिस के मुताबिक पूर्वांचल के एक जिले का रहने वाला युवक झूंसी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। कुछ रोज पहले उसने ऑन लाइन गेम ऐप पर सर्च किया। इसके कुछ देर बाद ही साइबर ठगों ने उसे कॉल की और अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद प्रतियोगी छात्र की गेम ऐप के साइड पर प्रोफाइल बनाई गई। शुरूआत में प्रतियोगी छात्र ने कुछ हजार रुपये लगाए। इस पर साइबर ठगों ने उसे ऑनलाइन ऐप पर दर्शाया कि उसके पैसे दोगुने हो गए हैं।
इससे उत्साहित प्रतियोगी छात्र ने ऑन लाइन गेम ऐप पर और पैसे लगा दिए। पैसे लगाने और उसके ऑनलाइन दोगुना और तीनगुना बताने का सिलसिला कई दिनों तक चलता रहा। उत्साह से लबरेज प्रतियोगी छात्र ने अपनी एक प्रापर्टी बंधक रखकर बैंक से तकरीबन 28 लाख रुपये लोन लिया और वो भी ऑन लाइन गेम में लगा दिया। उसे बताया गया कि कुछ माह ही उसके लाखों रुपये करोड़ों रुपये हो जाएंगे।
प्रतियोगी छात्र को रातों-रात करोड़पति होने को सब्जबाग दिखाया गगया। इस तरीके से प्रतियोगी छात्र ने तकरीबन 32 लाख रुपये ऑनलाइन गेम ऐप पर लगा दिया। पिछले कुछ दिनों से साइबर जालसाजों ने युवक से संपर्क तोड़ दिया था। उसके लिए गए पैसों के बारे में भी सही जानकारी नहीं दी जा रही थी।
कुछ रोज बाद सभी नंबर भी बंद हो गए। तब प्रतियोगी छात्र को समझ में आया कि वह साइबर क्राइम का शिकार हो गया है। उसके पैरों तले जमीन खिसक गई थी। तीन दिन पहले वह अपनी शिकायत लेकर झूंसी थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। झूंसी पुलिस ने बताया कि पूरे प्रकरण को जिले के साइबर सेल को भेज दिया गया है। वहीं से कार्रवाई की जा रही है। प्रतियोगी छात्र का नाम स्पष्ट नहीं हो सका है।