प्रयागराज : फाफामऊ सिक्स लेन पुल के 63 पिलर बनकर तैयार, छतों की ढलाई का काम शुरू
सिक्स लेन सेतु का 52 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। एनएचएआई की ओर से शासन को भेजी गई प्रगति रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। तीन चरणों में होने वाले इस सेतु के सभी पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। अब एनएचएआई के सामने महाकुंभ से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा कराने की चुनौती है।
विस्तार
महाकुंभ-2025 की बड़ी परियोजनाओं में शामिल सिक्सलेन पुल पर स्पैन रखने का शुरू हो गया है। पुल के 63 पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। इसी के साथ छतों की ढलाई का काम शुरू कर दिया गया है। सबकुछ ठीक रहा तो अक्तूबर 2024 तक इस सेतु का निर्माण पूरा हो जाएगा।
सिक्स लेन सेतु का 52 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। एनएचएआई की ओर से शासन को भेजी गई प्रगति रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। तीन चरणों में होने वाले इस सेतु के सभी पिलर बनकर तैयार हो चुके हैं। अब एनएचएआई के सामने महाकुंभ से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा कराने की चुनौती है। अफसरों का दावा है कि पुल अक्तूबर 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। मलाक चौराहे से राजापुर तक बनने वाले इस पुल लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, फैजाबाद जाने का रास्ता आसान हो जाएगा।
मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र की अध्यक्षता में हाल में ही लखनऊ में हुई महाकुंभ की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में सिक्स पुल का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए कहा गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से 1948.25 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे इस सेतु की लंबाई 9.90 किमी है।
मलाक हरहर उपरहार तिराहे से शुरू होकर यह सेतु लगभग 500 मीटर प्रतापगढ़ की तरफ होगा। शहर में लाला लाजपत राय मार्ग पर त्रिपाठी चौराहा के पास इसका आखिर छोर होगा। इस सेतु का निर्माण करने वाली सिंगला एंड कंपनी के एमडी सुनील सिंगला ने बृहस्पतिवार को बताया कि पिलरों के निर्माण के बाद अब स्पैन रखा जा रहा है। छत की ढलाई भी शुरू करा दी गई है। कुंभ और माघ मेला के समय यातायात प्रबंधन में भी इससे मदद मिलेगी।
सिक्स लेन सेतु में सुंदरता के साथ सुविधाओं का भी होगा संगम
फाफामऊ सिक्सलेन पुल में कई तरह की सुविधाएं भी होंगी। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस पुल के दोनों तरफ जगह-जगह यात्रियों के बैठने की व्यवस्था भी दी जाएगी। इसके साथ ही आपात स्थितियों से निबटने के लिए सुविधाओं से से इसे लैस किया जाएगा। इस पुल की अद्भुत डिजाइन तो होगी ही, इसकी स्ट्रीट लाइट सजावट हर किसी का मन मोहेगी।