थाना क्षेत्र के गांव जवार में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास व दो ननदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पति व सास को जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को मायके पक्ष को सौंप दिया है।
थाना मुरसान के गांव चमरौआ कोरना निवासी हरीशंकर कौशिक की बेटी सपना कौशिक (28) की शादी इगलास के गांव जवार निवासी लोकेश पुत्र राजेन्द्र प्रसाद के साथ तीन जुलाई 2021 को हुई थी। मृतका के भाई ध्रुवेश ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बहन को शादी के बाद से ही दहेज में दस लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि शनिवार रात पति लोकेश, सास सुशीला देवी, ननद रैनू व रेखा ने सपना को पहले फंदे से लटकाया। उसके बाद आग लगा दी। ध्रुवेश ने बताया कि सपना आठ महीने से गर्भवती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, सास व दोनों ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पति व सास को जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को मायके वालों को सौंप दिया। उन्होंने शव का रामघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।