अलीगढ़ वासियों को तोहफा: 16 अगस्त से होगा वंदे भारत का ठहराव, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी, ये होगा टाइमिंग
आनंद विहार से अयोध्या को जाने वाली गाड़ी संख्या 22426 वंदे भारत ट्रेन अलीगढ़ स्टेशन पर दिल्ली से नियमित सुबह सात बजे आएगी, जो कानपुर, लखनऊ होते अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या से यह ट्रेन दोपहर 03:20 चलकर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रात करीब 10 बजे पहुंचेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रेलवे ने अलीगढ़वासियों को स्वतंत्रता दिवस का तोहफा दिया है। दिल्ली-अयोध्या वंदेभारत ट्रेन के अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। 16 अगस्त से अलीगढ़ स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव होगा। अब अलीगढ़ के यात्रियों की अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शनों की मुराद पूरी हो सकेगी। इस ट्रेन का शुभारंभ सांसद सतीश गौतम हरी झंडी दिखाकर करेंगे और खुद भी सफर करेंगे।
आनंद विहार से अयोध्या को जाने वाली गाड़ी संख्या 22426 वंदे भारत ट्रेन अलीगढ़ स्टेशन पर दिल्ली से नियमित सुबह सात बजे आएगी, जो कानपुर, लखनऊ होते अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या से यह ट्रेन दोपहर 03:20 चलकर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रात करीब 10 बजे पहुंचेगी।
लंबे समय से यात्री कर रहे थे मांग
आनंद विहार और नई दिल्ली से चलने वाली वंदे भारत ट्रेनें रोजाना अलीगढ़ से गुजरती हैं, मगर यहां पर ठहराव न होने से अलीगढ़ के यात्रियों को मायूसी हाथ लगती थी। पिछले दिनों संसद में पेश हुए बजट में लोगों को उम्मीद थी कि वंदे भारत ट्रेन का अलीगढ़ में ठहराव होगा। दैनिक यात्री और स्थानीय लोग लंबे समय से वंदे भारत, राजधानी समेत कुछ अन्य ट्रेनों के अलीगढ़ स्टेशन पर ठहराव की मांग कर रहे थे। खासकर अलीगढ़ से लखनऊ व अयोध्या की यात्रा करने वाले यात्री वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग कर रहे थे।
दिल्ली से अलीगढ़ तक लगेंगे मात्र 70 मिनट
आनंद विहार दिल्ली से अलीगढ़ तक का सफर इस ट्रेन से मात्र 70 मिनट में पूरा हो सकेगा। अलीगढ़ से कानपुर करीब ढाई घंटे में जा सकेंगे। अलीगढ़ से कानपुर, लखनऊ व अयोध्या तक सफर करने वाले यात्रियों के समय की बचत होगी और सफर भी आरामदायक रहेगा।
मानक पूरे, फिर भी अलीगढ़ को नहीं मिली राजधानी
दिल्ली-हावड़ा रेल ट्रैक पर दिल्ली से लखनऊ के बीच सुपरफास्ट राजधानी एक्सप्रेस चल रही है। मगर इस ट्रेन का अलीगढ़ में ठहराव नहीं है। जबकि ए श्रेणी में शुमार अलीगढ़ रेलवे स्टेशन राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव के सारे मानकों को पूरा करता है। हर रोज औसतन यहां से 25 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं।
सांसद सतीश गौतम बोले- रेल मंत्री से की थी वंदे भारत की मांग
सांसद सतीश गौतम ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन का अलीगढ़ में ठहराव होने से श्रीराम की नगरी अयोध्या जाने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी यात्रा सुगम होगी। उन्होंने बताया कि काशी व अयोध्या के लिए सुपरफास्ट वंदे भारत के अलीगढ़ जंक्शन पर ठहराव की मांग को लेकर उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। रेल मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था। उन्होंने इस मांग को पूरा कर दिया है। सांसद ने बताया कि 16 अगस्त को ट्रेन का अलीगढ़ पहुंचने पर स्वागत किया जाएगा। हरी झंडी दिखाकर उसको रवाना किया जाएगा। वह खुद भी ट्रेन में सफर करेंगे और अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे।
अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन के ठहराव का आधिकारिक पत्र अभी जारी नहीं हुआ है। संभावना है कि सोमवार को औपचारिक रूप से पत्र जारी हो जाएगा। - अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल।