फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   There is no stone plate of Raja Mahendra Pratap in AMU, BJP is building the university: Yogi

एएमयू में राजा महेंद्र प्रताप का शिलापट भी नहीं, भाजपा करा रही विवि का निर्माण : योगी

Sun, 06 Feb 2022 10:54 PM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 06 Feb 2022 10:54 PM IST
विज्ञापन
There is no stone plate of Raja Mahendra Pratap in AMU, BJP is building the university: Yogi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अलीगढ़ को उसकी पहचान दिलाने आया हूं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के निर्माण में राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने सर्वाधिक योगदान दिया था। एएमयू में उनके नाम का एक शिलापट्ट तक नहीं लगा है। भाजपा सरकार राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण करा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा रोड स्थित कैलाश फार्म में कोल एवं शहर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी क्रमश: अनिल पाराशर एवं मुक्ता राजा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहेे थे। उन्होंने जनपद की सातों सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जाट राजा महेंद्र प्रताप सिंह के बहाने सपा, बसपा एवं कांग्रेस पर हमला किया।
विज्ञापन

जनसभा में उपस्थित लोगों से योगी ने कहा कि विपक्षी दलों से पूछना कि 1915 में अफगानिस्तान में भारत की अंतरिम सरकार का गठन करने वाले राजा महेंद्र प्रताप के लिए क्या किया। राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने भारत माता को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराया। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में मुझे कई बार आने का अवसर मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को छोड़कर सपा, बसपा और कांग्रेस के मुख्यमंत्री जितनी बार नहीं आए, उससे अधिक बार अकेले अलीगढ़ आया हूं। सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजा वसूली पर निकल जाते थे। कानून व्यवस्था बदहाल थी। बेटी एवं व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। बड़े-बड़े दंगे होते थे। अलीगढ़ में 2006 (मुख्यमंत्री 2005 बोल रहे थे) में दंगा हुआ था। भाजपा के विधायक के पुत्र की हत्या कर दी गई थी। डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने मुझे बुलाया था। उस समय मानवेंद्र अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। कहा था, भाजपा नेताओं को बंद किया गया है। प्रताड़ित किया जा रहा है। तब यहां पर बड़ा आंदोलन किया था। उन्होंने मुजफ्फरनगर एवं कोसीकलां दंगा की भी याद दिलाई। कहा कि 2017 के पहले कहां नहीं उपद्रव होते थे। सवाल उछाला कि 2017 के बाद कहीं दंगा हुआ क्या? दंगाइयों को मालूम है कि दंगा करेंगे तो सात पीढ़ियां जुर्माना भरते भरते थक जाएंगी लेकिन भरपाई नहीं कर पाएंगे। उल्टे चौराहे पर पोस्टर जरूर टंग जाएंगे। उन्होंने कहा कि सबको सुरक्षा एवं सम्मान मिलना चाहिए लेकिन कानून से खिलवाड़ का अधिकार किसी को नहीं है। 2017 के पहले उत्तर प्रदेश से पलायन होता था, अब प्रगति हो रही है।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया कोरोना से जूझ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुफ्त जांच, उपचार एवं वैक्सीन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने लोगों से पूछा कि कितने लोगों ने वैक्सीन ली है। अधिकतर लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुरक्षा कवच है। तीसरी लहर भारत में नाक रगड़ कर वापस जा रही है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। वैक्सीन के बहाने अखिलेश यादव पर प्रहार किया। कहा कि जो लोग वैक्सीन का विरोध कर रहे थे, किस मुंह से वोट मांगने आ रहे हैं। उनसे कह देना कि इसी वैक्सीन ने जान बचाई है और वोट भी उसी को देंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जनता को राशन का डबल डोज मिल रही है। 2017 के पहले बिजली नहीं आती थी। अब आती है, जाती नहीं है। पिछली सरकार का विजन विकासवादी नहीं था। नाम समाजवादी, सोच परिवारवादी एवं काम दंगावादी था। डबल इंजन की सरकार में विकास कार्य हो रहे हैं। हर जिले में मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट, हाईवे बन रहे हैं। अलीगढ़ का एयरपोर्ट का काम पूरा होने वाला है। डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। सपा सरकार में तमंचा की फैक्टरी चलती थी। डिफेंस कॉरिडोर में तोप बनेगी। यहां के युवा दुश्मनों के छक्के छुड़ाने का काम करेंगे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, विकास एवं सुशासन के मुद्दे पर चुनाव में है। गरीबों के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। आवास, शौचालय, गैस, बिजली, शुद्ध पेयजल दिया जा रहा है। कोरोना नहीं आता तो विकास कार्य और तेजी से होते। एक करोड़ युवाओं को स्मार्ट फोन, टैबलेट दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश के युवा ऑनलाइन पढ़ाई एवं परीक्षा दे सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

लता मंगेशकर के निधन पर जताया दुख
भाषण के आरंभ में योगी आदित्यनाथ ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर को याद किया। उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से लता मंगेशकर को श्रद्धासुमन अर्पित किया। कहा कि आज का दिन दुखद समाचार लेकर आया है। लता मंगेशकर ने भारतीय संगीत को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।

कल्याण सिंह को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को कल्याण सिंह का सानिध्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने सिखाया कि कैसे सुशासन स्थापित किया जाता है। उनकी स्मृति को बनाए रखने के लिए लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान का नाम कल्याण सिंह के नाम पर किया गया है। बुलंदशहर में उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज बन रहा है। इस अवसर पर भाजपा के सह प्रदेश प्रभारी संजीव चौरसिया, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, सांसद सतीश गौतम, राजवीर सिंह दिलेर, प्रमोद गुप्ता, प्रत्याशी अनिल पाराशर एवं मुक्ता राजा, मानवेंद्र प्रताप सिंह, पूनम बजाज, विजय सिंह, राजीव शर्मा, शकुंतला भारती, सावित्री वार्ष्णेय, आशुतोष वार्ष्णेय एवं आरपी सिंह आदि मौजूद थे। संचालन महानगर महामंत्री वैभव गौतम ने किया।

अलीगढ़ में आयोजित सार्वजनिक जनसभा में विजयी चिन्ह दिखाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

अलीगढ़ में आयोजित सार्वजनिक जनसभा में विजयी चिन्ह दिखाते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।- फोटो : CITY OFFICE

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed