कोतवाली क्षेत्र के गांव सूरजपुर में रविवार रात चोरों ने किसानों के छह निजी नलकूपों को निशाना बनाते हुए केबल और स्टार्टर चोरी कर लिए। घटना से किसानों में आक्रोश है। पीड़ित किसानों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित किसान विनोद सिंह, संजय कुमार, हरेंद्र सिंह, सोनू कुमार, अमर सिंह बघेल और यशपाल सिंह ने बताया कि उनके खेतों में लगे नलकूपों के ताले तोड़कर चोर कहीं से केबल और कहीं से स्टार्टर चोरी कर ले गए।
धर्मवीर सिंह के नलकूप का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। इसी रात गांव बाहरपुर निवासी राजेंद्र शर्मा के नलकूप में भी अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आग से नलकूप में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया। कोतवाल राजवीर सिंह परमार ने बताया कि किसानों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही चोरी और आगजनी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।