अचल रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में प्रत्येक रविवार को अलीगढ़ व्यापारी संघर्ष समिति के पदाधिकारी व्यापारियों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों से मिलकर उसका समाधान कराने की कोशिश करेंगे। संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक हरिकिशन अग्रवाल एवं मनीष अग्रवाल वूल ने पत्रकारों से कहा कि विभागों के अधिकारी लापरवाह हो गए हैं।
व्यापारियों की समस्याओं को अनदेखा कर परेशान कर रहे हैं। भाजपा की सरकार व्यापारियों की हर समस्या सुनने के लिए तत्पर है, परंतु अधिकारी लापरवाह हो गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक रविवार को दोपहर 2 से 4 बजे समस्याएं सुनने का निर्णय लिया गया है। पदाधिकारियों ने बताया कि इस कार्यक्रम के संयोजक आलोक बैंकर होंगे। संजीव रतन एवं आलोक बैंकर ने कहा कि अभी तक व्यापारियों की समस्याओं को सुनने का कोई मंच नहीं था। संघर्ष समिति ने इसकी पहल की है। बिजली विभाग, जीएसटी, खाद्य और अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को एकत्रित कर अधिकारियों से वार्ता की जाएगी।