Aligarh News: छात्रा ने माछुआ झाल में छलांग लगाकर जान दी, कलाई के युवक को किया था आखिरी फोन
जिस युवक के मोबाइल से मृतका ने आखिरी फोन किया था, पुलिस ने उसकी जांच की तो वह कलाई गांव के युवक का निकला है, जिस मोबाइल से फोन किया गया था, फिलहाल पुलिस ने उसे जांच-पड़ताल के लिए जमा कर लिया है।
विस्तार
हरदुआगंज क्षेत्र के माछुआ झाल में 14 जुलाई की शाम एक छात्रा ने छलांग लगाकर जान दे दी। वहां मौजूद लोगों ने उसे पानी से निकाल कर सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा ने झाल में कूदने से पहले एक युवक से मोबाइल पर बात भी की थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस के अनुसार क्षेत्र के गांव ग्वालरा के दूध कारोबारी जगवीर सिंह के एक बेटा और चार बेटी हैं। दो बेटियां विवाहित हैं, जिसमें सबसे बड़ी बेटी पति संग ग्वालरा में रहती है। सबसे छोटी बेटी मुस्कान (22) हरदुआगंज के श्रीमती धर्मवती देवी महाविद्यालय में स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा थी, जो कि 14 जुलाई दोपहर घर से निकल गई थी।
छात्रा के परिजन कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर रहे थे लेकिन पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, उसने जिस मोबाइल से पंकज नाम के युवक को आखिरी कॉल किया था, उसके बारे में जांच-पड़ताल कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-राजीव द्विवेदी, सीओ अतरौली
विज्ञापन विज्ञापन
बैग जमीन पर रखा और लगा दी छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब चार बजे सलवार-सूट पहने एक युवती अकेली बुढ़ासी क्षेत्र में माछुआ झाल पर पहुंची गई, वहां मौजूद एक युवक से युवती ने घर बात करने की कहकर मोबाइल मांगा, कुछ देर फोन पर बात कर वापस कर दिया। कुछ ही क्षणों में युवती ने अपने बैग को वही पर रखकर अपर गंग नहर के झाल के पास पहुंचकर छलांग लगा दी। इसे देखकर वहां मौजूद युवक शोर मचाते हुए उसे बचाने के लिए पानी में कूदे पड़े।
युवकों ने 15 मिनट में भी निकाल लिया बाहर
युवकों ने 15 मिनट के प्रयास के बाद करीब 100 मीटर आगे गोशाला के निकट युवती को पानी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में उसे सीएचसी भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बैग में मिले कागजों के आधार पर दी गई सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए तथा कार्रवाई से मना करने लगे लेकिन पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कलाई के युवक को किया था आखिरी फोन
इधर जिस युवक के मोबाइल से मृतका ने आखिरी फोन किया था, पुलिस ने उसकी जांच की तो वह कलाई गांव के युवक का निकला है, जिस मोबाइल से फोन किया गया था, फिलहाल पुलिस ने उसे जांच-पड़ताल के लिए जमा कर लिया है। इस मामले में परिजन और थाना प्रभारी आत्महत्या की वजह और फोन किए जाने के मामले में कुछ भी बताने से बचते रहे। एसओ धीरज कुमार का कहना है कि परिजन पोस्टमार्टम न करने का जोर दे रहे थे, उच्च अधिकारियों के निर्देश पर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।