पुलिस की पाठशाला: एसपी ट्रैफिक ने पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ, नियम पालन की दिलाई शपथ
एसपी ट्रैफिक ने कहा कि हादसों का प्रत्यक्ष प्रभाव पीड़ित परिवार पर होता है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से हमारे समाज व देश की अपूर्णीय क्षति होती है। यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन किए जाने की आवश्यकता है, तभी होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आ सकेगी।
विस्तार
अलीगढ़ के एसपी ट्रैफिक मुकेश चंद्र उत्तम ने कहा है कि यातायात नियमों के पालन से जिले में होने वाले हादसों का ग्राफ कम होगा। उन्होंने कहा कि हम अपने अधिकारों के प्रति तो जागरूक हैं, लेकिन कर्तव्यों के प्रति उदासीन हैं। यातायात नियमों के उल्लंघन से अलीगढ़ में रोजाना सड़क हादसों में 10 लोगों की मृत्यु हो रही है।
30 जुलाई को अलबरकात पब्लिक स्कूल में अमर उजाला पुलिस की पाठशाला में वह बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि हादसों का प्रत्यक्ष प्रभाव पीड़ित परिवार पर होता है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से हमारे समाज व देश की अपूर्णीय क्षति होती है।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन किए जाने की आवश्यकता है, तभी होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आ सकेगी। यातायात निरीक्षक कमलेश कुमार ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग हमें दुर्घटनाओं से बचाता है।
तेज गति से गाड़ी चलाने, शराब पीकर गाड़ी चलाने, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर न केवल हमारी जान खतरे में पड़ सकती है, बल्कि दूसरे लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। यातायात उपनिरीक्षक विजयपाल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के लिए शपथ भी दिलाई। स्कूल की प्रधानाचार्या सबीहा खान ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्या लुबना खलील, प्राइमरी वर्ग के प्रभारी अहमर इमाम, प्रॉक्टर एसएम राशिद आदि मौजूद रहे।