फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   SP's Jaswant's nomination paper rejected, BJP's Rishipal will become MLC

अलीगढ़ : सपा के जसवंत का नामांकन पत्र खारिज, भाजपा के ऋषिपाल बनेंगे निर्विरोध एमएलसी

Thu, 24 Mar 2022 12:36 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 24 Mar 2022 12:36 AM IST
विज्ञापन
SP's Jaswant's nomination paper rejected, BJP's Rishipal will become MLC
कलेक्ट्रेट में चौधरी ऋषिपाल सिंह को माला पहनाकर बधाई देते एटा सांसद राजवीर सिंह - फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़-हाथरस से विधान परिषद के लिए सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव का पर्चा बुधवार को खारिज हो गया। नामांकन पत्र में प्रस्तावकों के नाम पर आई आपत्ति के बाद वह तीसरे प्रस्तावक को पेश नहीं कर सके। हालांकि वकीलों ने मजबूती से उनका पक्ष रखते हुए तमाम दलीलें पेश की, लेकिन दोपहर एक बजे प्रेक्षक राजेंद्र प्रताप की मौजूदगी में जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम सेल्वा कुमारी जे ने सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र खारिज कर दिया। नामांकन पत्र वापसी का समय बृहस्पतिवार को निर्धारित है, जिसके बाद भाजपा प्रत्याशी चौ. ऋषिपाल सिंह के निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा हो जाएगी।
विज्ञापन

सोमवार को अलीगढ़-हाथरस स्थानीय निकाय से विधान परिषद के लिए भाजपा प्रत्याशी चौ. ऋषिपाल सिंह व सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव ने नामांकन किया था। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भाजपा प्रत्याशी चौ. ऋषिपाल सिंह ने अपने वकील के माध्यम से सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव के दस प्रस्तावकों में से तीन प्रस्तावकों सरबती देवी, गुड्डी देवी व प्रमोद कुमार के नामों पर आपत्ति जताई।
विज्ञापन

आरोप लगाया कि तीनों प्रस्तावकों के हस्ताक्षर व अंगूठा निशान उनके नहीं हैं। ये फर्जी हैं। इस पर डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव को नोटिस देकर आपत्ति का जवाब दाखिल करने के लिए कहा। इस पर सपा प्रत्याशी ने सरबती देवी व गुड्डी को प्रस्तुत कर उनके बयान, हस्ताक्षर व अंगूठा निशान का मिलान करवाया, लेकिन तीसरे प्रस्तावक प्रमोद कुमार पुत्र बदन सिंह निवासी सराय महामाई, सिकंदराराऊ, हाथरस को प्रस्तुत करने के लिए बुधवार की सुबह 10 बजे तक समय मांगा। डीएम ने प्रेक्षक राजेंद्र प्रताप व चुनाव आयोग में बातचीत के बाद सपा प्रत्याशी को अनुमति दी थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

घंटों हुआ इंतजार, न पहुंचे सपा प्रत्याशी और न प्रस्तावक
सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव को तीसरे प्रस्तावक को पेश करने के लिए बुधवार की सुबह दस बजे तक का समय दिया गया था। बुधवार की सुबह से ही सबकी निगाहें कलेक्ट्रेट में टिकी थीं। सपा प्रत्याशी की ओर से केवल वकील यदुवीर सिंह यादव ही पहुंचे। उन्होंने आरओ व डीएम सेल्वा कुमारी जे के समक्ष अपनी दलीलें पेश करते हुए नामांकन को खारिज न करने की मांग रखी। सुबह 11 बजे तक भी प्रस्तावक के न पहुंचने पर पहले 12 बजे तक फिर साढ़े 12 बजे तक का समय दिया गया। इसके बाद भी सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह व प्रस्तावक प्रमोद कुमार के न पहुंचने पर डीएम ने नामांकन पत्र खारिज कर दिया। उधर, सपा से जुड़े तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी कलेक्ट्रेट में दिखाई नहीं पड़े। इसको लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। एसपी क्राइम रजनी, एसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार उत्तम, एएसपी पुनीत द्विवेदी, सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह, सिविल लाइंस श्वेताभ पांडे, छर्रा विशाल चौधरी समेत कई थानों का फोर्स मौजूद रहा।
खुशी से झूम उठे भाजपाई
सपा प्रत्याशी जसवंत सिंह यादव नामांकन निरस्त हो जाने पर कलेक्ट्रेट में मौजूद भाजपाई खुशी से झूम उठे। उन्होंने जय श्री राम के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी चौधरी ऋषिपाल सिंह का फूलमालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया, विधायक ठा. रवेंद्र पाल सिंह, अनिल पाराशर, एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत, एडवोकेट योगेश शर्मा, युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, नरेंद्र पचौरी, पूनम बजाज एडवोकेट, चंद्रमणी कौशिक, सुशील गुप्ता, इंजीनियर राजीव शर्मा, चौधरी देवराज सिंह, डॉ. विशांत ठाकुर, युवा मोर्चा से अजय चौधरी, वैभव गौतम, बंटी उपाध्याय, विजय प्रताप सिंह, शिव नारायण शर्मा आदि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव में बिना किसी वैध कारण के सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज किया है। भाजपा की ओर से जो आपत्ति दाखिल की गई वह जायज नहीं है। आपत्ति तभी सही मानी जा सकती है जब प्रस्तावक खुद पेश होकर यह कहे कि नामांकन पर उसके हस्ताक्षर नहीं है। तीसरा पक्ष इसमें आपत्ति दर्ज नहीं करा सकता है। दो प्रस्तावकों को पेश भी किया गया फिर भी बिना किसी ठोस कारण के नामांकन को खारिज किया गया है।
- यदुवीर सिंह यादव, वकील, सपा प्रत्याशी।
आरओ के समक्ष प्रस्तावकों के फर्जी हस्ताक्षर होने को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी, जो जांच में सही पाई गई है। इसे आरओ ने सही मानते हुए सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज किया है। यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के मान- सम्मान की जीत है। - चौ. ऋषिपाल सिंह, भाजपा प्रत्याशी।

सपा प्रत्याशी के दस प्रस्तावकों में से तीन को लेकर आपत्ति की गई थी। एक प्रस्तावक प्रमोद कुमार निर्धारित समय तक नहीं पहुंच सके। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने आरपी एक्ट 36 व संलग्न प्रपत्रों का अवलोकन व परीक्षण करने एवं सुनवाई के उपरांत नामांकन पत्र खारिज किया है। बृहस्पतिवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है। सारी प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत फाइनल रिपोर्ट प्रदेश निर्वाचन कार्यालय को भेजने के उपरांत ही निर्वाचन के परिणाम की घोषणा की जाएगी।
- राकेश कुमार पटेल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम सिटी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed