पुलिस भर्ती परीक्षा: अलीगढ़ में दूसरे दिन पकड़ा गया सॉल्वर, मुकदमा दर्ज, देर रात तक खुद को बताता रहा सही
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि आरोपी के अनुसार, वह फिरोजाबाद के विकास यादव के स्थान पर परीक्षा देने आया था। बायोमीट्रिक में जब उसकी पहचान नहीं हुई तो संदेह होने पर पूछताछ की गई। वह खुद को मंडवा फिरोजाबाद निवासी अभ्यर्थी विकास यादव बताता रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बावजूद पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में सेंधमारी हो गई। दूसरे दिन 24 अगस्त को अलीगढ़ के नौरंगाबाद स्थित डीएवी इंटर कॉलेज केंद्र पर दूसरी पाली में परीक्षा देते एक सॉल्वर पकड़ा गया है। बायोमीट्रिक व एआई जांच के बाद आरोपी को दबोचा गया है। हालांकि, देर रात तक वह खुद को असली परीक्षार्थी बताता रहा। आरोपी के खिलाफ क्वार्सी थाने में मुकदमा किया गया है और देर रात पूछताछ जारी है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि आरोपी के अनुसार, वह फिरोजाबाद के विकास यादव के स्थान पर परीक्षा देने आया था। बायोमीट्रिक में जब उसकी पहचान नहीं हुई तो संदेह होने पर पूछताछ की गई। वह खुद को मंडवा फिरोजाबाद निवासी अभ्यर्थी विकास यादव बताता रहा। मगर कई बार की जांच में जब आंख, अंगूठे आदि के जरिये पहचान का मिलान नहीं हुआ तो उसे सॉल्वर माना गया और थाने ले जाया गया। इस पर देर रात मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, कड़ी सुरक्षा के बीच 12,663 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4345 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में कुल 17,808 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। नोडल अधिकारी एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि शहर के सभी 20 केंद्रों पर परीक्षा हुई, पहली पाली में 8,904 अभ्यर्थियों में से 6,639 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। 2265 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 8,904 अभ्यर्थियों में से 6,024 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए व 2080 ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि 25, 30 व 31 अगस्त को भी लिखित परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से निगरानी रखी गई। उधर, सासनीगेट के श्री महेश्वर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का एडीजी जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ ने एसएसपी संजीव सुमन के साथ निरीक्षण किया।
कड़ी निगरानी व सख्ती के चलते 4345 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, डीएवी इंटर कॉलेज में एक सॉल्वर पकड़ा गया है, वह दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने आया था। मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। - मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी।
बोले अभ्यर्थी
परीक्षा को लेकर पहले से ही तैयारी कर रखी थी। इसीलिए प्रश्नपत्र हल करने में कोई कठिनाई नहीं हुई। परीक्षा में सफलता अवश्य मिलेगी। - मंतशा, एटा।
परीक्षा में सभी बहुविकल्पीय प्रश्न थे। गणित व रीजनिंग के प्रश्नों ने थोड़ा अधिक समय लिया। बाकी प्रश्नों को आसानी से कर लिया। - हिमांशु राज, आगरा।
गणित, विज्ञान, सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न परीक्षा में पूछे गए थे। सबसे पहले गणित व विज्ञान के प्रश्न हल किए। पेपर काफी अच्छा हुआ है। - ज्योति यादव, एटा।
रीजनिंग व गणित के लिए पहले से कोचिंग ले रखी थी। परीक्षा को लेकर कोचिंग में मिले टिप्स से प्रश्नों को हल करने में आसानी रही। - शिवेंद्र , मैनपुरी।