बच्चा चोरी प्रकरणः गाजियाबाद में ही मिला छठवां बच्चा, दो और महिलाएं पकड़ीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बच्चा चोरी करके नि:संतान दंपतियों को बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान देर रात गाजियाबाद के साहिबाबाद में ही छठवां बच्चा भी बरामद कर लिया, जिसके मुंबई बेचने की बात कही गई थी। वहां मंगलवार देर शाम तक जारी कार्रवाई में इस रैकेट की दो महिलाएं और पकड़ी गई हैं। देर रात उनसे पूछताछ जारी थी। इधर गाजियाबाद के हज हाउस के बच्चे को उसका परिवार मंगलवार को यहां आकर अपने साथ ले गया। वहीं एसएसपी कलानिधि नैथानी ने मामले में पूरी गोदनामा व्यवस्था की जांच के लिए ह्यूमन ट्रैफिकिंग टीम को निर्देश दिए हैं, जो गोदनामा सामने आए हैं उनकी जांच कर मुकदमे में शामिल किया जाएगा।
रविवार रात को पुलिस टीम ने ने बच्चा चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 16 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें 9 महिलाएं शामिल थीं। गिरफ्तार किए गए लोगों में बच्चों को खरीदने वाले, मध्यस्थता करने वाले दलाल और बच्चा चोरी करने वाले बदमाश शामिल थे।
इनके कब्जे से 5 बच्चे बरामद भी किए गए थे। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों से पूछताछ के आधार पर पता चला कि छठवां बच्चा दादरी की सोनिया नाम की महिला के जरिये मुंबई में बेचा गया है। इनमें से तीन बच्चे अलीगढ़ से चोरी किए गए थे, तीन बच्चे गाजियाबाद से चोरी किए गए थे। छठवे बच्चे तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम सोनिया की तलाश में दादरी पहुंची और वहां मदद के लिए गाजियाबाद पुलिस भी बुला ली गई।
दोनों जिलों की टीम ने समन्वय बनाकर सोनिया को पकड़ लिया और उससे पूछताछ में एक अन्य महिला को भी हिरासत में लिया गया। उनकी मदद से इतना स्पष्ट हो गया कि छठवां बच्चा मुंबई नहीं, बल्कि साहिबाबाद में ही बेचा गया है। देर रात तक अलीगढ़ व गाजियाबाद की पुलिस ने उस बच्चे को बरामद कर लिया था, जबकि सोनिया से अलीगढ़ की पुलिस पूछताछ में लगी थी।
इधर, मंगलवार को दो साल के एक बच्चे को उसकी गाजियाबाद हज हाउस के रहने वाले माता-पिता को सौंपा गया है। इस बच्चे को पहले बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। यहां पर गाजियाबाद से आए बच्चे के माता-पिता ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए। बाल कल्याण समिति ने दस्तावेजों का परीक्षण किया। जिसके बाद बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया। वहीं स्थानीय स्तर पर गिरोह की दो महिलाएं अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए गैर जनपदों में दबिश दी जा रही है।
इधर, जेल भेजे गए मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेने व अन्य प्रक्रिया भी जारी हैं। इस काम को सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के नेतृत्व में एक अलग टीम अंजाम दे रही है।
बच्चा चोरी मामले में दादरी की महिला तक हमारी टीम गाजियाबाद पुलिस के सहयोग से पहुंच गई। उससे पूछताछ जारी है। साहिबाबाद से ही छठवें बच्चे को बरामद करने की जानकारी मिली है। चूंकि गाजियाबाद में भी बच्चा चोरी का मुकदमा है। इसलिए सोनिया को वहीं दाखिल किया जाएगा। हमारी टीम बयान के आधार पर यहां के मुकदमे में बाद में तमिल कराएगी। इस मामले में अन्य कार्रवाई भी जारी हैं। फरार लोगों की तलाश जारी है।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी