बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शहर में दो जगहों पर वर्चुअल रैली होगी। सुबह 11 बजे आईटीआई रोड स्थित जूपिटर लॉज व रामगाट रोड स्थित वसंत वाटिका में पीएम वर्चुअल रैली के माध्यम से प्रचार करेंगे। इस दौरान वह बजट पर भी आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के तहत प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में लगभग दो हजार पदाधिकारी, कार्यकर्ता झंडे टोपी लगाकर नजर आएंगे। जो शहर के दोनों छोरों को संभालेंगे।
आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था कार्यक्रम की बागडोर संभालने मंगलवार को प्रदेश सह प्रभारी संजीव चौरसिया का जिले में आगमन हुआ। उन्होंने महानगर भाजपा कार्यालय पर एक आवश्यक बैठक बुलाई। इसमें मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, महानगर महामंत्री के साथ आईटी विभाग व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना गाइडलाइन के चलते आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था पर वर्चुअल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें पदाधिकारियों के साथ साथ व्यापारी, उद्यमी और आम लोगों को भी बुलाया गया है। यह रैली बजट पर आधारित है। इस दौरान उन्होंने चुनाव की तैयारियों का भी जायजा लिया। बैठक में सभी लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई है। बड़ी एलईडी स्क्रीन पर पीएम का संबोधन प्रसारित किया जाएगा। कार्यकर्ता झंडा टोपी के साथ रैली में शामिल होंगे। इस मौके पर अलीगढ़ प्रभारी प्रमोद गुप्ता, महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत, विस्तारक ललित शर्मा, भवानी सिंह, महामंत्री सुधा सिंह, वैभव गौतम, कुलदीप पांडेय, अरुण शर्मा, आईटी संयोजक विक्रांत गर्ग, सोशल मीडिया संयोजक आदित्य अग्रवाल, संयोजक मीडिया विभाग हिमांशु शर्मा आदि मौजूद रहे।